HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

स्कूलों को तम्बाकू मुक्त बनाने की पहल

ग्वालियर. अब ऐसे शिक्षक, कर्मचारी व छात्रों की सूची तैयार की जाएगी जो स्कूल परिसर में या तो सिगरेट पीते हैं या फिर तम्बाकू का सेवन करते हैं। ऐसा शासकीय स्कूलों को तम्बाकू मुक्त बनाने के लिए किया जाएगा।

नए शिक्षण सत्र प्रारंभ होते ही स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि स्कूल सार्वजनिक स्थलों की श्रेणी में आते हैं, इसलिए धूम्रपान प्रतिबंधित होना चाहिए।

स्कूल परिसर में यदि कोई शिक्षक, कर्मचारी या छात्र तम्बाकू खाते हुए या फिर धूम्रपान करते हुए मिलेगा तो पहली बार उससे दो सौ रुपए जुर्माना वसूल किया जाए। दूसरी बार भी यदि वही व्यक्ति धूम्रपान या तम्बाकू सेवन करते हुए मिले तो उसकी गोपनीय चरित्रावली में इस बात का उल्लेख किया जाए।

स्कूल परिसर के आसपास सौ मीटर की परिधि में तम्बाकू उत्पादों का विक्रय प्रतिबंधित है। यदि ऐसा होगा तो स्कूल प्रशासन सीधे कार्रवाई कर सकेगा। सौ मीटर की परिधि में यदि कोई अवयस्क तम्बाकू उत्पादों का विक्रय करेगा तो स्कूल प्रशासन द्वारा स्वैच्छिक कार्यकर्ताओं, छात्रों की मदद से छापामार कार्रवाई करा सकेगा।

स्वयंसेवक तैयार होंगे
स्कूल परिसर में तम्बाकू का सेवन रोकने का काम स्वयंसेवक करेंगे। इनमें एक शिक्षक होगा जबकि तीन से चार छात्र। चार-पांच लोगों के इस दल में शामिल सदस्यों को प्रहरी कहा जाएगा और प्रशिक्षण के बाद यही तम्बाकू का सेवन करने वाले कर्मचारियों की सूची तैयार करेंगे।

यह सूची जिला प्रशासन को सौंपी जाएगी। हालात में सुधार न होने की स्थिति में चार माह बाद एक बार फिर सूची तैयार की जाएगी। स्कूलों में नियुक्त प्रहरी ही छात्रों को तम्बाकू का सेवन न करने की सलाह देंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: