News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. स्टेशन पर पहुंचे यात्रियों की बुधवार को श्रीधाम एक्सप्रेस छूट गई। परेशान यात्रियों ने हंगामा खड़ा कर दिया। उसके बाद स्टेशन पर मौजूद चेकिंग स्टाफ ने यात्रियों को समझा बुझाकर दूसरी ट्रेनों में एडजस्ट कराया।
रेलवे ने 30 जून की रात्रि 12 बजे से कुछ ट्रेनों के संचालन समय में बदलाव किया है। 48 घंटे से ज्यादा गुजर जाने के बाद भी प्लेटफार्म पर लगे ट्रेनों के टाइम-टेबल बोर्ड में बदलाव नहीं किया गया। कम्प्यूटर में भी ट्रेनों के संचालन समय को नहीं बदला गया। आरक्षित टिकट पर नए टाइम-टेबल की सूचना भर प्रिंट होकर आ रही है लेकिन नया टाइम नहीं आ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, हजरत निजामुद्दीन से जबलपुर जाने वाली श्रीधाम एक्सप्रेस अभी तक ग्वालियर स्टेशन पर 21.46 पर आकर 21.49 पर जाती थी। रेलवे ने उसके टाइम में परिवर्तन किया है। ट्रेन का नया टाइम अब 18.50 आना व 18.55 जाने का किया गया है। ट्रेन पकड़ने के लिए यात्रियों ने प्लेटफार्म पर टाइम-टेबल बोर्ड देखा, जिसमें पुराना टाइम ही लिखा था।
उसकी वजह से यात्रियों की ट्रेन निकल गई। यात्रियों ने इसको लेकर हंगामा खड़ा कर दिया। उन्हें जैसे-तैसे समझाकर दूसरी ट्रेनों में बैठाकर रवाना किया गया। हालांकि बुधवार को ट्रेन का नया टाइम पूछताछ कार्यालय के डिसप्ले बोर्ड पर लिखा हुआ था।
श्रीधाम एक्सप्रेस के अलावा ग्वालियर से कोटा जाने वाली पैसेंजर ट्रेन का समय भी परिवर्तित हो गया है। यह ट्रेन अब 19.40 बजे आकर आठ बजे जाने लगी है। डाउन की 2779 ट्रेन का समय अब 1.17 आना व 1.20 जाने का हो गया है।