News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior दतिया. थाना बड़ौनी के ग्राम एरई में आकाशीय बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक हार में गाय-भैंसें चरा रहे थे। बारिश होने पर सभी ने हार में लगे नीम के पेड़ का सहारा लिया था कि इसी बीच आकाशीय बिजली पेड़ पर आकर गिरी जिसकी चपेट में उसके नीचे बैठे यह लोग आ गए।
जानकारी के अनुसार प्रतिपाल सिंह(35) पुत्र दयाराम राजपूत, प्रभू (25) पुत्र सेवक राजपूत, संतोष (37) पुत्र किशने राजपूत, अशोक (16) पुत्र ज्ञाने राजपूत एवं सुखई (13) पुत्र प्रकाश राजपूत बुधवार की सुबह अपने घरों से गाय-भैंसों को चराने के लिए निकले थे।
यह लोग गाय-भैंसों को चराते हुए ग्राम एरई एवं राबरी के बीच हार तक पहुंच गए। इसी बीच दोपहर तीन बजे क्षेत्र में बारिश का दौर शुरू हुआ तो सभी लोग बारिश से बचने के लिए खेत में लगे एक नीम के पेड़ के नीचे बैठ गए।
इसी दौरान नीम के पेड़ के पास आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में उक्त पांचों लोग आ गए। इस हादसे में पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वहां से गुजरे राहगीरों ने जब इनके शव देखे तो इसकी सूचना ग्रामीणों को दी।
रिसाला मंदिर पर भी गिरी बिजली
दतिया शहर के प्राचीन शिवमंदिर जिसे स्थानीय लोग रिसाला मंदिर के नाम से जानते हैं, पर भी आकाशीय बिजली का कहर बरपा। लेकिन यहां पर किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। मोहल्ले के निवासियों के अनुसार शाम लगभग चार बजे मंदिर के शिखर पर अचानक आकाशीय बिजली गिरी, जिससे शिखर क्षतिग्रस्त हो गया और उसका मलवा नीचे आ गिरा।
पीड़ित परिवारों को तीन-तीन हजार की राहत
थाना बड़ौनी के ग्राम एरई में बुधवार को आकाशीय बिजली के गिरने से हुई पांच लोगों की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को तात्कालिक राहत के तौर पर तीन-तीन हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी है। कलेक्टर पीजी गिल्लौरे के मुताबिक मृतकों के पीएम रिपोर्ट आने के बाद परिजनों को एक-एक लाख रुपए की राहत राशि और प्रदान की जाएगी।