HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

मुरैना में रोकी ट्रेन

मुरैना. train महादेव नाके पर अंडरब्रिज के निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार सुबह एक घंटे तक रेलवे ट्रैक जाम रखा। आंदोलनकारी शताब्दी को रोकने के लिए आए थे, लेकिन शताब्दी के साथ-साथ कई अन्य ट्रेनें भी प्रभावित हुईं।

बाद में कलेक्टर आरके गुप्ता ने महादेव नाके पर पहुंचकर आंदोलनकारियों से बात की और आश्वासन दिया, तब कहीं रेलवे ट्रैक से भाजपा कार्यकर्ता हटे और ट्रेनों का आवागमन शुरू हुआ।

महादेव नाके पर अंडरब्रिज बनाने की मांग लंबे अरसे से चल रही है। अंडरब्रिज बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने एक करोड़ 77 लाख 40 हजार रुपए रेलवे के खाते में भी ट्रांसफर करा दिए हैं। इसे करीब दो महीने से अधिक का समय हो चुका है।

इसके बाद भी रेलवे ने अभी तक अंडरब्रिज का निर्माण शुरू नहीं किया। इससे आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ता बुधवार को सुबह करीब पौने नौ बजे महादेव नाका स्थित रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए और अप ट्रैक पर कई जगह स्लीपर रख दिए।

आंदोलनकारियों की अधिक संख्या को देखते हुए रेलवे ट्रैक पर रेलवे सुरक्षा बल के जवानों के साथ-साथ जिला पुलिस बल के जवान भी बड़ी संख्या में तैनात किए गए थे।पौने दस बजे कलेक्टर आरके गुप्ता व पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह व स्टेशन प्रबंधक आरसी मीना के आश्वासन के बाद आंदोलनकारी रेलवे ट्रैक से हटे और ट्रेनों का आवागमन शुरू हुआ।

चार ट्रेन हुई प्रभावित
महादेव नाके पर अंडरब्रिज निर्माण को लेकर बुधवार सुबह किए गए रेल रोको आंदोलन से शताब्दी, मंगला, पंजाब एक्सप्रेस सहित शटल भी प्रभावित हुई। शताब्दी का मुरैना में जहां नौ बजे का समय था वह करीब पौन घंटा देरी से ग्वालियर की ओर रवाना हुई।

इसी तरह अर्नाकुलम से निजामुद्दीन जाने वाली मंगला एक्सप्रेस भी 55 मिनट की देरी से रवाना हुई। इसके अलावा सवा नौ बजे स्टेशन पर आने वाली शटल और नौ बजकर 56 मिनट पर आने वाली पंजाब एक्सप्रेस भी देरी से आईं।

शताब्दी को आउटर पर रोका
आंदोलनकारी यूं तो शताब्दी एक्सप्रेस को रोकने के लिए गए थे। लेकिन आंदोलनकारियों की शताब्दी रोकने की हसरत पूरी नहीं हो पाई। उन्होंने केवल स्टेशन पर रुकी मंगला एक्सप्रेस के आगे खड़े होकर ही आंदोलन की औपचारिकता पूरी की। आंदोलन की वजह से शताब्दी आउटर पर खड़ी रही।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: