हिसार. राजेश जिस भाई का दाह संस्कार करके लौटा था, फोन पर उसी की आवाज सुनकर वह भौचक्क रह गया। ‘मृतक’ ने फोन पर कहा कि उसके पैसे खत्म हो गए हैं इसलिए तुरंत 10-15 हजार रुपए भेज दो। हिसार सिविल लाइन थाना पुलिस ने मंगलवार को सेक्टर 9-11 से जली हुई अवस्था में एक शव बरामद किया था। इसकी पहचान नवदीप कॉलोनी के विकास पुत्र नफेसिंह के रूप में हुई।
शिनाख्त विकास के भाई राजेश और उसकी मां कृष्णा ने मौके पर शव और अधजले कपड़ों को देखकर की थी। राजेश ने पुलिस को बताया था कि उसके पिता ने विकास को बेदखल किया हुआ था। उसने विकास द्वारा डीजल छिड़क कर आत्मदाह करने की बात कही थी।
अत: पुलिस ने आत्महत्या का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया था। मंगलवार को उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। शाम सवा पांच बजे राजेश ने जब घंटी बजने पर फोन उठाया तो वह हक्का-बक्का रह गया। फोन करने वाले ने उससे कहा था कि वह सोनू (घर का नाम) बोल रहा है।
एकबारगी तो राजेश को विश्वास ही नहीं हुआ, लेकिन उसकी आवाज पहचानने के बाद सारी शंकाएं मिट गई। इसकी सूचना उन्होंने तुरंत पुलिस को दी। विकास के जिंदा होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस के लिए भी यह एक पहेली बन गई कि सेक्टर 9-11 से बरामद हुआ शव विकास का नहीं तो आखिर किसका था।
इसी बीच बुधवार सुबह न्यू मॉडल टाउन में किराए के मकान में रहने वाले सीसवाला निवासी सतबीर के परिजन उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराने सिविल लाइन थाना आए। पुलिस ने उन्हें मृतक की फोटो दिखाई तो परिजनों ने उसकी शिनाख्त सतबीर के रूप में की।
कैसे की विकास की पहचान
विकास के परिजनों ने सेक्टर 9-11 से बरामद शव की शिनाख्त विकास के रूप में की। विकास की मां कृष्णा ने बताया कि विकास और राजेश ने दो एक जैसी शर्ट खरीदी थी। शव के पास जो शर्ट थी विकास के पास भी वैसी ही शर्ट थी। यही नहीं, शव का चेहरा-मोहरा विकास से हुबहू मिलता था। चूंकि शव अधजली हालत में थी इसलिए वह मात खा गई।
कैसे हुई सतबीर की पहचान
मंगलवार को पूरा दिन सतबीर घर नहीं पहुंचा तो उसके परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। सतबीर के भाई कृष्ण के अनुसार काफी तलाश के बाद भी जब वह नहीं पहुंचा तो गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने सिविल लाइन थाना पहुंचे। वहां पुलिस ने जब उन्हें कैमरे से फोटो दिखाई तो उन्होंने तुरंत उसकी पहचान कर ली। यही नहीं लाश के पास से बरामद एक पीपी (प्लास्टिक कैन) और अन्य सामान भी उन्होंने तुरंत पहचान लिया।