News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर.
बारिश के मौसम में रावणभाठा फिल्टर प्लांट की पानी साफ करने की क्षमता घटने से कई इलाकों में पानी का संकट गहरा गया है। रोजाना यहां 145 एमएलडी पानी की आपूर्ति होती थी, लेकिन अब 20 एमएलडी यानी दो करोड़ लीटर पानी की सप्लाई कम हो रही है।
फिल्टर प्लांट एक दिन में अभी केवल 120 एमएलडी पानी साफ कर पा रहा है। ऐसा नदी में गंदा पानी आने की वजह से हुआ है। प्लांट में काम कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि यहां खारुन नदी का पानी इंटेक वेल के जरिए आता है।
बारिश के साथ पानी में धूल-मिट्टी घुल गई है, इसलिए पानी ज्यादा मटमैला है। यही पानी जब फिल्टर प्लांट पहुंचता है, पहले उसे सेटलिंग टैंक में ले जाया जाता है। यहां पानी में घुली मिट्टी ओर गाद बैठने के लिए 8 से 12 घंटे का समय सामान्य स्थिति में चाहिए। मटमैला पानी में गाद ज्यादा होती है जिससे इस टैंक में उसे ज्यादा देर तक रखने की जरूरत पड़ रही है। उससे के बाद दूसरे टैंक और प्लांट में क्लोरीन गैस या ब्लीचिंग पाउडर ट्रिटमेंट की प्रक्रिया पूरी की जाती है। पानी ज्यादा मटमैला होने से इस प्रक्रिया में काफी वक्त लग रहा है, इसलिए रोज 20 एमएलडी पानी की कटौती हो रही है।
टंकियां नहीं भर पा रहीं
पानी की सप्लाई कम होने से शहर की ज्यादातर टंकियां पूरी नही भर रहें। अफसरों के मुताबिक यह स्थित हर साल बारिश के शुरुआती दिनों में आती है। दैनिक भास्कर टीम ने शहर के कुछ प्रमुख इलाकों का सर्वे कर वहां हो रही पानी सप्लाई के हालात जाने। कटोरातालाब और राजेंद्रनगर इलाके में दिन में एक बार केवल 15 मिनट के लिए पानी आ रहा है। इसी तरह तात्यापारा चौक के अंदरूनी इलाके में पानी की धार पतली है। शिवनगर बजरंग नगर, हनुमान नगर में सार्वजनिक नलों में भीड़ बढ़ गई है।
आमापारा बाजार, धोबीपारा के लोगों ने फोर्स कम होने की शिकायत की है। कंकाली पारा में रामचंद्र मंदिर के आसपास की गलियों में पांच से 10 मिनट तक ही पानी आ रहा है। धार इतनी पतली होती है कि दो से तीन बाल्टी पानी ही मिलता है। पटवापारा के लोगों ने बताया कि यहां नल पांच मिनट भी नहीं आता। यहां के लोग पूरी तरह बोर पर निर्भर हैं। पुरानी बस्ती इलाके में लीली चौक और लाखेनगर ढाल में पानी को लेकर मारामारी है। इस इलाके में दो दर्जन से ज्यादा नलों में महीनों से पानी नहीं आया। गुढ़ियारी के कुंदरापारा, शुक्रवारी बाजार, पहाड़ीपारा, बोर्ड कालोनी में सप्लाई घट गई है।
आउटर का बुरा हाल
हीरापुर, जरवाय,टाटीबंध, मोवा, पंडरी, भनपुरी, खमतराई की बस्तियों में पानी का खासा संकट है। वीरसावरकर नगर की पार्षद देवकी बाई तथा वार्ड के लोगों का कहना है कि पीने के लिए पानी नहीं मिल रहा है।
हाउसिंग बोर्ड कालोनी के रामजी शर्मा ने बताया कि आज सुबह बहुत कम पानी आया। पीने का पानी लेने के बाद नल बंद हो गए। कल भी इतना ही पानी मिला, तो नहाने के लिए भी नहीं बचेगा। पंडरी की एलआईसी कालोनी, लोधीपारा, मंडीपारा आदि में भी समय पर नल नहीं खुलने की शिकायत मिली है। भनपुरी में बंजारी माता वार्ड के रामेश्वरनगर बाजार पारा, दुर्गानगर साई नगर, यतियतन लाल वार्ड के गोंदवारा, आदर्श नगर, रिंग रोड के किनारे वाला इलाका, वीर शिवाजी वार्ड का डब्ल्यूआरएस कालोनी से लगी बस्तियों में नलों में पानी नहीं आ रहा।
समस्या स्थायी नहीं
महापौर सुनील सोनी ने कहा है कि पानी कम फिल्टर होने की समस्या अस्थाई है। बरसात के शुरुआती दिनों में हर साल यह समस्या आती है। बरसात में वैसे भी पानी का उपयोग कम हो जाता है।
कटोरातालाब में आपूर्ति सामान्य
कटोरातालाब क्षेत्र में पानी की आपूर्ति बुधवार शाम सेनियमित हो गई। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से न्यू सिंधी पंचायत भवन के सामने आपूर्ति बाधित थी तथा शिकायत मिल रही थी कि मटमैले पानी की सप्लाई हो रही है।
पार्षद मित्रसेन धीमान ने मंगलवार को क्षेत्र का दौरा किया तथा नागरिकों से वस्तुस्थिति की जानकारी ली। मौके पर ही निगम अमले को बुलवाकर उन्होंने चेतावनी देकर निर्देशित किया कि भविष्य में इस तरह की समस्या नहीं आनी चाहिए। मौका-मुआयना के समय उनके साथ कई नागरिक मौजूद थे। बसंत चेनानी, मनोज चावला, लक्ष्मी सोनी आदि ने पार्षद का आभार जताया है। उन्होंने बताया कि बाहर रहने के कारण पार्षद तक बात पहुंची नहीं और समस्या खड़ी हो गई। श्री धीमान ने छोटी-मोटी समस्या की आड़ में राजनीति करने वालों को आड़े हाथों लिया है। कि वे ऐसी हरकतों से बाज आएं।
आज शाम नहीं खुलेगा नल
गुरुवार को गंज पानी टंकी में पाइप लाइन इंटरकनेक्शन किया जाएगा। इस वजह से टंकी से संबंधित क्षेत्रों में शाम को जलापूर्ति नहीं की जाएगी। 4 जुलाई से नियमित जलापूर्ति होगी।नगर निगम जल प्रदाय विभाग के अध्यक्ष रमेशसिंह ठाकुर ने बताया कि गुरुवार को सुबह नियमित जलापूर्ति की जाएगी। उसके बाद गंज टंकी की ओवरफ्लो पाइपलाइन को वाटर सप्लाई लाइन से इंटरकनेक्शन किया जाएगा। इससे गंज, रामसागरपारा, मौदहापारा, एमजी रोड, समता कालोनी सहित गंज टंकी से संबंधित क्षेत्रों में शाम को पानी नहीं मिलेगा।