इस्माइलाबाद-कुरुक्षेत्र. थाना झांसा प्रभारी पर ग्रामीणों ने एक युवक से कुकर्म का प्रयास तथा अश्लील हरकत करने का आरोप लगाते हुए झांसा-कुरुक्षेत्र मार्ग पर प्रदर्शन कर जाम लगाया। उन्होंने आरोप लगाए कि गांव सलपानी खुर्द के निकट स्थित डेरा वासी गुरुदेव उर्फ गोल्डी साथी बलवीर के साथ थाने में किसी कार्य से गया था। थाना प्रभारी गुरुदेव को अपने कमरे में ले गया।
वहां उसने लड़के से पैंट उतारने को कहा। आरोप है कि थाना प्रभारी ने लड़के के साथ कुकर्म करने की कोशिश की। गुरदेव ने विरोध किया तो थाना प्रभारी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह वह थाना प्रभारी के शिकंजे से छूट कर भागा और उसने गांव में जाकर परिजनों को सारी बात बताई।
परिजनों ने ग्रामीणों को बताया। इससे ग्रामीणों में रोष फैल गया और थाने के समक्ष जाकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की तथा कुरुक्षेत्र-ठोल मार्ग पर जाम लगाया। एडीशनल एसपी महेंद्र शर्मा का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जाएगी।