गुड़गांव. ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स की सेक्टर 55 स्थित शाखा से पांच हथियारबंद लुटेरों ने बुधवार दोपहर 1.48 करोड़ रुपए लूट लिए। लुटेरे बैंक के सुरक्षा गार्ड की गन भी अपने साथ ले गए। पुलिस ने बैंक मैनेजर की शिकायत पर डकैती का केस दर्ज कर लिया है।
दिनदहाड़े लूट की इस घटना के बाद पुलिस ने गुड़गांव से बाहर जाने वाले सभी रास्तों को सील कर दिया, लेकिन देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिला था। बैंक मैनेजर अनिल के अनुसार बुधवार दोपहर सफेद वैगनआर से पांच युवक बैंक पहुंचे। इनमें से एक ने सुरक्षाकर्मी को धक्का देकर अंदर कर दिया और उसकी गन छीन ली। इससे पहले कि बैंक कर्मचारी कुछ समझ पाते बाकी युवकों ने उन्हें कवर कर लिया।
बैंककर्मियों को कवर करने के बाद एक युवक मैनेजर के कमरे में पहुंचा, जबकि दूसरा कैशियर के पास। कैश समेटने के बाद लुटेरे अपनी कार में बैठकर फरार हो गए। उधर गांव हरसरू में रिलायंस को जमीन पर कब्जा दिलवाने गए पुलिस कमिश्नर मोहिंद्र लाल डकैती की सूचना मिलते ही डीसीपी जगदीश नागर और सतेंद्र कुमार गुप्ता के साथ मौके पर पहुंचे।
घटनास्थल पर पत्रकारों से बातचीत में पुलिस कमिश्नर ने बताया कि बैंक में करीब डेढ़ करोड़ रुपए की डकैती हुई है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल से कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा हैं, जिनके आधार पर कार्रवाई होगी।
पहली बार हुई है इतनी बड़ी लूट
गुड़गांव के इतिहास में यह पहली घटना है जब किसी बैंक में डकैती पड़ी हो। 1996 में डाकखाने से बदमाशों ने दिनदहाड़े पांच लाख रुपए लूटे थे। डाकखाने में लूट की वारदात के बाद पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से सभी बैंकों के बाहर पुलिस तैनात कर दी थी, जो आज भी जारी है।