HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

कल शान से निकलेंगे महाप्रभु

रायपुर. rath रथयात्रा पर 4 जुलाई को शहर का माहौल प्रसिद्ध तीर्थ जगन्नाथपुरी जैसा होगा। महाप्रभु जगन्नाथ अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ सज-धज कर रथ पर विराजमान होकर निकलेंगे।

इस दौरान ऐतिहासिक रथयात्रा को देखने आसपास के श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। इस दौरान रथ को खींचकर पुण्य कमाने श्रद्धालुओं में होड़ मचती है। चौक-चौराहों पर अंकुरित चना व गजामुंग, नारियल और फल्लीदाना का महाप्रसाद बांटा जाएगा।

मंदिर परिसर पर खड़े नजर आने वाले रथों की साज सज्जा, रंग रोगन पूरा हो गया है। पर्व के अवसर पर मंदिरों में भी विशेष साफ-सफाई की गई है।

शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के लोग रथ द्वितीया पर भव्य रथयात्रा देखने की ललक में राजधानी आते हैं। उल्लेखनीय है कि राजधानी में विभिन्न स्थानों से भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र व बहन सुभद्रा को सजा धजाकर उनकी भव्य रथयात्रा निकाली जाती है, जो विजयादशमी को धूमधाम से मंदिर लौटती है। शुक्रवार को रथ द्वितीया मनाई जाएगी और मात्र एक दिन शेष होने से मंदिरों व गांवों में आयोजन समितियां व भक्त रथयात्रा की तैयारी में जुट गए हैं।

नेत्र उत्सव आज
जगन्नाथ मंदिर गायत्री नगर से भी भव्य रथयात्रा निकालने की तैयारी पूरी कर ली गई है। गुरुवार को मंदिर परिसर में 11 आचार्यो के साथ भव्य अभिषेक और हवन पूजन होगा। इसे नेत्र उत्सव का नाम दिया गया है। उत्सव में मंदिर पर चंदन, केशर, गोरचन, कस्तूरी एवं कपूर से स्नान कराया जाएगा। 4 जुलाई को दोपहर 1 बजे से तीनो रथों में झंडा वंदन के साथ रथ में विराज होकर प्रभु यात्रा में निकलेंगे।

शहर के प्रमुख मार्गो से होकर गायत्रीनगर जगन्नाथ मंदिर में पहुंचेगी। मंदिर के सभागृह पर 8 दिन रहने के बाद 9वें दिन वापस विराजेंगे। गुंडिचा यात्रा में राज्यपाल ईएसएल नरसिम्हन और वाहुड़ा रथयात्रा में मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह एवं विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडे उपस्थित रहेंगे।

समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान
छत्तीसगढ़ उत्कल कांग्रेस ने भी तैयारी पूरी कर ली है। अध्यक्ष हरिबंधु नायक ने बताया कि 4 जुलाई को कोतवाली चौक पर उत्कल कांग्रेस के पदाधिकारी रथयात्रा के दौरान भक्तों को महाप्रसाद अंकुरित चना व गजामुंग, नारियल, फल्लीदाना बांटेंगे।

इस मौके पर समाज के वरिष्ठ समाजसेवियों का अभिनंदन किया जाएगा। रथयात्रा के दौरान पदाधिकारी व समाज के युवा भजन कीर्तन मंडली के साथ हरे राम, हरे कृष्ण का जाप करते महाप्रभु जगन्नाथ स्वामी की पूजा अर्चना करेंगे।

मंत्रालय से निकलेगी यात्रा
जगन्नाथ मंदिर डीकेएस मंत्रालय परिसर से 4 जुलाई को दोपहर 3 बजे महाप्रभु जगन्नाथ की रथयात्रा निकलेगी। उत्कल रथयात्रा समिति के अध्यक्ष देवेंद्र नायक व संयोजक मुरलीधर नायक ने बताया कि मुख्य अतिथि सत्यनारायण शर्मा, गजराज पगारिया, बलविंदर सैनी, ललितकुमार चौरसिया, श्याम तांडी, भारती बंधु होंगे। रथयात्रा मंदिर परिसर से शहर के मुख्य मार्ग मोतीबाग चौक से नलगर चौक, कोतवाली होते हुए मालवीय रोड, जयस्तंभ चौक होते हुएशास्त्री चौक से नगरघड़ी चौक, माडर्न कांप्लेक्स स्थित संकटमोचन मंदिर पहुंचेगी।

भक्ति में झूमेंगी कटक की बालाएं
जयस्तंभ चौक पर उत्कलवासी महाप्रभु जगन्नाथ की भक्ति में झूमेंगे। इस दौरान कटक की उत्कल बालाएं भजन में नृत्य करेंगी, तो महिलाएं परंपरा अनुसार हुलहुली व बांदापान देकर स्वागत करेंगी। उत्कल नवयुवक संघ के प्रदेश सांस्कृतिक सचिव लक्कू सोना ने बताया कि संगठन भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा पर्व पर कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है।

राजधानी के सैकड़ों जगन्नाथ सैनिक जयस्तंभ चौक पर एकत्र होकर प्रदेश अध्यक्ष भगवानू नायक के नेतृत्व में निकलने वाले प्रत्येक रथ का कीर्तन, भजन व आतिशबाजी के स्वागत करेंगे। समाज की महिलाएं परंपरानुसार हुलहुली व बांदापान देकर स्वागत करेंगी। चौक पर मुख्य आकर्षण उड़ीसा की प्रसिद्ध उत्कल बालाओं का महाप्रभु के भजन में प्रस्तुत किए जाने वाला नृत्य होगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: