नाथूसरी चौपटा. बच्चों को गिनती सुनाते और गायकों को गाना गाते तो हम सभी ने सुना है, लेकिन जब किसी को उल्टी गिनती सुनाते और उल्टा गाना गाते सुनें तो आश्चर्य होना जायज है। सिरसा के बरासरी गांव के सुशील को उल्टी गिनती सुनाते देख लोग दांतों तले उंगलियां दबा लेते हैं। वहीं दड़बांकलां गांव का 11वीं कक्षा का छात्र राजकुमार तो सुशील से भी दो कदम आगे है।
राजकुमार गीतों को इस लय में उल्टा सुनाता है कि बस सुनने वाला सुनता ही रह जाए। दोनों की इस खासियत ने उन्हें आस-पास के क्षेत्र में लोकप्रिय बना दिया हैं। खेती-बाड़ी का काम करने वाला युवक सुशील बेनीवाल पिछले दो साल से उल्टी गिनती सुनाने के शौक का अभ्यास करने में जुटा हुआ है।
सुशील 100 से 1 तक की उल्टी गिनती मात्र 22 सेकंड में पूरी कर लेता है। ग्रामीण उसे ऐसा करते देखकर आश्चर्यचकित हो जाते हैं। सुशील ने बताया कि वह गांव में जहां भी जाता है लोग उससे उल्टी गिनती जरूर सुनते हैं और फिर उसकी तारीफ करते नहीं थकते हैं।
मैं गाता हूं उल्टे गीत: दड़बांकलां निवासी राजकुमार भी इस कला में सुशील से पीछे नहीं है मगर इन जनाब को उल्टे गीत गाने का शौक है। उनका दावा है कि वह कोई भी गीत सुनकर उसको उल्टा गा सकता है।
शुरूआत में वह उल्टे गीत धीरे-धीरे गाता था, लेकिन अब पूरे सुर और ताल में उल्टे गीत गाता है। राजकुमार हिंदी और पंजाबी के कई गानों को उल्टा गाने में सक्षम है। सुशील बेनीवाल व राजकुमार का कहना है वे अपने अभ्यास को जारी रखेंगे ताकि क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें।