News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर.
बिरगांव के डिप्लोमा इंजीनियर शहाबुद्दीन की हत्या के आरोपी विश्वजीत नाग और उसकी पत्नी मामुनी नाग ने बैंक और फाइनेंस कंपनियों को लोन के बहाने करीब दो लाख रुपए की चपत लगाई थी। पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर उनकी मोपेड रेलवे स्टेशन की पार्किग से बरामद कर ली गई।
अफसरों के मुताबिक आरोपियों तकरीबन सालभर के भीतर आईसीआईसीआई बैंक और चोला मंडलम फाइनेंस समेत आधा दर्जन कंपनियों से धंधा खोलने के नाम पर लोन लिया। आरोपी ने पत्नी के नाम से मोपेड (सीजी04-2632) आईसीआईसीआई बैंक से 40 हजार रुपए में फाइनेंस कराई थी। इसकी सिर्फ एक किस्त अदा हुई है। हत्या के बाद इसे वे रेलवे स्टेशन की पार्किग में छोड़कर कोलकाता भाग गए थे।
पुलिस ने आज इसे बरामद कर लिया है। इसके अलावा मामुनी के नाम से सवा लाख रुपए से ज्यादा के लोन का पता चला है। विश्वजीत ने खुद के नाम पर 75 हजार रुपए से ज्यादा का लोन फाइनेंस कराया था।
बताते हैं, आरोपी ने यह रकम अपने ऐशो-आराम पर उड़ा चुका था। पुलिस नाग दंपत्ति के बैंक अकाउंट पहले ही खंगाल चुकी है, लेकिन उनमें रकम नहीं मिली। गौरतलब है कि नाग दंपत्ति के कारनामे छत्तीसगढ़ ही नहीं,बंगाल में सामने आ चुके हैं। क्राइम के फिल्मी फामरूले के जरिए दो दर्जन से ज्यादा लोगों को फांसने के बाद उनसे मोटी रकम ऐंठ चुके थे।
पति-पत्नी के बयान में अंतर
पुलिस की तहकीकात से स्पष्ट हो चुका है कि विश्वजीत ने अमीर बनने के लिए शहाबुद्दीन की हत्या की। खमतराई टीआई आरके दुबे ने बताया कि शहाबुद्दीन को मारने से पहले उसके जेब और बैग की तलाशी में केवल दो हजार रुपए ही मिले थे। बताते हैं,विश्वजीत और मामुनी से अलग-अलग रखकर पूछताछ की जा रही है,ताकि हत्याकांड के पीछे की संपूर्ण सचाई तक पहुंचा जा सके।
फिलहाल कुछ बिंदुओं पर नाग दंपत्ति के बयान में अंतर पाया गया है। मसलन शहाबुद्दीन को मारने से पहले शराब में नशे की गोली मिलकर पिलाई गई थी, अथवा किसी अन्य चीज में। इस संबंध विश्वजीत शराब में पिलाने की बात कहता है,जबकि मामुनी जूस में नशे की गोली घोलकर कर पिलाना कबूल करती है।
कल होंगे पेश
अफसर यह मानकर चल रहे हैं, हत्याकांड के संबंध में आरोपियों से पूछताछ लगभग पूरी हो चुकी है इसलिए उन्हें और पुलिस रिमांड पर नहीं मांगा जाएगा। गौरतलब है कि गुरुवार को आरोपियों की पुलिस रिमांड की अवधि समाप्त हो जाएगी। उन्हें कोर्ट में पेश कर वहां से जेल भेजा जाएगा।