HomeNewsHaryanaHisar Hisar

घटता रुझान विवि परेशान

हिसार. गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के नए शैक्षणिक सत्र में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों ने पिछले वर्ष के मुकाबले कम आवेदन किए हैं। विवि के दो-तीन कोर्स छोड़कर अधिकतर कोर्स के प्रति विद्यार्थियों का रूझान घटा है और इस वर्ष अधिकतर कोर्स में आवेदन कम आए हैं।

विवि के सभी कोर्सेस की बात करें तो पिछले वर्ष के मुकाबले कुल आवेदनकर्ताओं में लगभग 12 प्रतिशत की कमी आई है। पिछले वर्ष विवि में सभी कोर्स के लिए 3078 आवेदन प्राप्त हुए थे और इस वर्ष 2719 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 359 कम हैं। विवि प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है और वह विद्यार्थियों का रूझान विवि की तरफ बढ़ाने के लिए सिस्टम को सुधारने और उसमें बदलाव करने पर विचार कर रहा है।

तीन कोर्सेस के लिए फिर मांगे आवेदन
एमटेक प्रिंट एंड ग्राफिक कम्युनिकेशन, एमटेक मैकेनिकल व एमटेक ऑप्टिकल इंजीनियरिंग के कोर्स में विद्यार्थियों द्वारा कम आवेदन करने के कारण विश्वविद्यालय ने इन कोर्स में आवेदन की अंतिम तारीख को 8 जुलाई तक बढ़ा दिया है।

इन कोर्स में दोबारा आवेदन के लिए विवि ने विज्ञापन भी जारी किए हैं। एमटेक प्रिंट एंड ग्राफिक कम्युनिकेशन में केवल 19, एमटेक मैकेनिकल में केवल 21 व एमटेक ऑप्टिकल इंजीनियरिंग केवल 26 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था।

एमएससी बायो टेक्नोलॉजी में आवेदन बढ़े
अन्य सभी कोर्स को पछाड़ते हुए इस वर्ष एमएससी बायो टेक्नोलॉजी ने बाजी मार ली है। इस कोर्स में आवेदन करने वाले विद्यार्थी पिछले वर्ष के मुकाबले तीन गुणा से अधिक हो गए हैं। पिछले वर्ष इस कोर्स में 101 विद्यार्थियों ने आवेदन किए थे और इस वर्ष 307 विद्यार्थियों ने आवेदन किए हैं।

कमजोर प्लेसमेंट को माना जा रहा कारण
विवि के प्रति विद्यार्थियों के घटते रूझान के पीछे विवि की कमजोर प्लेसमेंट प्रक्रिया को मुख्य कारण माना जा रहा है। दो-तीन कोर्स को छोड़कर अन्य कोर्स में विवि की ऑन कैंपस प्लेसमेंट काफी कमजोर है। क्रेडिट बेस सिस्टम व रिजल्ट लेट आने के कारण भी विद्यार्थी विवि में कम आवेदन कर रहे हैं। पिछले कुछ महीनों के दौरान विवि में हुई कुछ गड़बड़ियों के कारण भी इसकी छवि में गिरावट आई है।

>> विवि के सिस्टम में काफी सुधार किया जाएगा। विद्यार्थियों को नई तकनीक व सुविधाएं दी जाएंगी और प्लेसमेंट सेल के कार्य को मजबूती दी जाएगी। ऑन कैंपस प्लेसमेंट के लिए सभी कोर्स में प्रयास किए जाएंगे। रिजल्ट लेट आने की कमियों को सुधारा जाएगा और सभी कोर्स को जॉब ओरियंटिड बनाया जाएगा।
लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ. डीडीएस संधु, कुलपति, गुजविप्रौवि





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: