News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. ई राघवेंद्र राव शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय द्वारा आयोजित आज की बैठक में जिले भर के शासकीय एवं अर्धशासकीय महाविद्यालयों के स्पोर्ट्स अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में महाविद्यालयों के बीच परिक्षेत्र स्तरीय स्पर्धाओं के विभिन्न खेलों का बंटवारा किया गया।
इस बंटवारे में क्रिकेट, खो-खो पुरुष और एथलेटिक्स जैसा महत्वपूर्ण खेल जमुना प्रसाद वर्मा शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय जरहाभाठा को, शतरंज डीएलएस महाविद्यालय सीपत रोड सरकंडा को, फुटबाल पुरुष वर्ग डीपी विप्र महाविद्यालय को, टेबल टेनिस, वालीबाल एवं बैडमिंटन महिला- पुरुष सीएमडी महाविद्यालय को, बास्केटबाल ई राघवेंद्र राव शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय सीपत रोड, खो-खो महिला शासकीय कन्या महाविद्यालय पेंड्रा को सौंपा गया है। इस बैठक की अध्यक्षता ई राघवेंद्र राव शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय के प्राचार्य जो कि आबंटन समिति के पदेन सचिव भी हैं ने की।
बैठक में विभिन्न महाविद्यालयों को खेल स्पर्धाओं का आबंटन करने के बाद इन स्पर्धाओं पर नजर रखने के लिए पर्यवेक्षक एवं आगे की राज्य स्तरीय महाविद्यालयीन स्पर्धाओं के लिए खिलाड़ियों के चयन हेतु चयन समिति में रखे जाने वाले स्पोर्ट्स अधिकारियों की संभावित सूची भी तैयार कर उन नामों पर चर्चा की गई।
बैठक में अजय सिंह, प्रमोद तिवारी, किशन कैथवास जमुना प्रसाद वर्मा शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय जरहाभाठा, संतोष बाजपेयी, पी बेक ई राघवेंद्र राव शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय सीपत रोड, बीएस ठाकुर, अजय यादव डीपी विप्र महाविद्यालय, रविंद्र मिश्रा शासकीय शिक्षण महाविद्यालय, एमएल चंद्राकर सीएमडी महाविद्यालय, मुकेश बिहारी घोरे शासकीय महाविद्यालय पेंड्रा, उल्लास भुरंगी शासकीय कला महाविद्यालय सीपत, निलेश मिश्रा शासकीय महाविद्यालय कोटा, आलोक शर्मा डीपी विप्र विधि कालेज सीपत रोड, सतीश गोयल डीएलएस महाविद्यालय, मुकेश घोरे द्रोणा महाविद्यालय, जगदीश यादव विद्याविहार महाविद्यालय, शेख शाहिद चौकसे इंजीनियरिंग कालेज सहित अन्य कालेजों के अधिकारी मौजूद थे।