News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. एनटीपीसी प्रबंधन 31 जुलाई तक किसी भी स्थिति में 100 विस्थापितों को नौकरी देगा। इस आशय के निर्देश कलेक्टर सुबोध कुमार सिंह ने आज प्रबंधन के अफसरों को दिए। राज्य शासन से हुए समझौते और केंद्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री जयराम रमेश की घोषणाएं प्रबंधन को याद दिलाई गईं।
भू-विस्थापितों के रोजगार व अन्य मुद्दों पर शासन के निर्देशों का पालन हुआ या नहीं, यह जानने के लिए कलेक्टर ने बुधवार को प्रबंधन के अफसरों की बैठक ली। एनटीपीसी से भू-विस्थापित परिवारों के 692 सदस्यों को यहां तीन किस्तों में नौकरी दी जानी है।
कलेक्टर श्री सिंह ने प्रबंधक से कहा है कि जुलाई में क्रमबद्ध योग्यता के अनुसार 100 विस्थापित बेरोजगारों को नौकरी देकर उनका नियुक्ति आदेश जारी करे। इन्हें कुशल व अकुशल श्रेणी की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसी तरह जिन लोगों को एनटीपीसी द्वारा आईटीआई ट्रेनिंग के लिए भेजा गया है, उन्हें उनकी नौकरी की सुनिश्चितता का उल्लेख करते हुए पत्र लिखा जाए।
प्रबंधन से कहा गया कि पिछले दिनों सीपत प्रवास के दौरान केंद्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के अनुसार रोजगार व अन्य कार्यो की योजनाएं बनाई जाए। शासन व प्रबंधन के बीच हुए करार के मुताबिक यहां 692 विस्थापितों को रोजगार मिलना है, जिनमें से 145 को वर्ष 2007-08 में नौकरी मिल जानी थी। इसी तरह 2008-09 में 387 व 2009-10 में 160 लोगों को रोजगार देने की योजना है।
इसके अलावा प्रबंधन ने बताया कि सामुदायिक विकास के लिए इस वर्ष 25 लाख रुपए का फंड तय किया गया है। शेष दो यूनिट शुरू होने के बाद फंड की राशि बढ़ाई जाएगी। एनटीपीसी द्वारा एमजीआर बनाने से जर्जर हुई सड़क अब तक न सुधारने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई।
उन्होंने सड़क व जलप्रवाह की व्यवस्था तत्काल सुधारने के निर्देश दिए। इसी तरह सीपत कालेज के समतलीकरण व बाउंड्रीवाल बनाने और भू-विस्थापितों को दुकान आबंटित करने के लिए कहा गया। सीपत में एक हिंदी मीडियम स्कूल खोला जाएगा, जिसमें आसपास के बच्चों को शिक्षा दी जाएगी। बैठक में एडीशनल कलेक्टर धनंजय देवांगन, अपर कलेक्टर पीएस एल्मा, एसडीएम संजय अग्रवाल, एनटीपीसी के जीएम जे. नंदा, डीजीएम वीके अग्रवाल, एके झा, जिला पंचायत की एपीओ अर्चना मिश्रा सहित अधिकारी मौजूद थे।
छठघाट के पास होगा पौधरोपण
एनटीपीसी के जीएम श्री नंदा ने 15 हेक्टेयर जमीन पर पौधरोपण करने पर सहमति दे दी है। इसके लिए छठघाट के पास रिक्त जमीन को तय करने की संभावना है। एनटीपीसी द्वारा लगाई जाने वाली राशि के अतिरिक्त जिला पंचायत के मद से भी पौधरोपण में राशि लगाई जाएगी।