HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

विहिप का आज बिलासपुर बंद

बिलासपुर. vishwa जम्मू-कश्मीर सरकार द्वारा अमरनाथ श्राइन बोर्ड को तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए दी गई 40 हेक्टेयर जमीन वापस लेने के विरोध में गुरुवार को विश्व हिंदू परिषद व भारतीय जनता पार्टी ने बंद का आह्वान किया है। भारतीय जनशक्ति पार्टी, शिवसेना व संभागीय चेंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज समेत राजनैतिक व व्यापारिक संगठनों ने बंद को समर्थन दिया है।

अमरनाथ श्राइन बोर्ड का पूरा काम राज्यपाल की देखरेख में होता है। बाबा अमरनाथ के दर्शन के लिए जाने वाले तीर्थयात्रियों से न केवल जम्मू-कश्मीर सरकार, बल्कि वहां की जनता को भी करोड़ों रुपए की आय होती है।

विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष हरि बुधिया ने जम्मू-कश्मीर सरकार के निर्णय को सांप्रदायिक व भेदभावपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार यात्रा को सुविधापूर्ण बनाने के बजाय तीर्थयात्रियों के लिए बाधाएं खड़ी कर रही है। संभागीय चेंबर ऑफ कामर्स के महामंत्री बेनी गुप्ता ने बताया कि चेंबर समेत व्यापारी संघ बंद को समर्थन देगे।

बिलासपुर मर्चेट एसोसिएशन, थोक कपड़ा होजियरी संघ, शनिचरी पड़ाव व्यापारी संघ, गोलबाजार व्यापारी संघ, होटल एवं डेयरी व्यापारी संघ, कृषि व्यापारी संघ, एजेंसी एसोसिएशन, वाल्मीकि चौक व्यापारी संघ, देवकीनंदन चौक व्यापारी संघ, आटो पार्ट्स व्यापारी संघ, लोहा, छड़ व सेनेटरी व्यापारी संघ, चिल्हर सब्जी विक्रेता संघ, पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन, अरपांचल व्यापारी संघ, दवा विक्रेता संघ सहित सभी प्रमुख व्यावसायिक संघ कल दिनभर प्रतिष्ठान बंद रखेंगे।

भारतीय जनशक्ति पार्टी के शहर अध्यक्ष गोपाल यादव ने बताया कि बंद के समर्थन में सुबह रैली निकाली जाएगी। बंद के समर्थन में शिवसेना ने बैठक ली। इसमें जम्मू कश्मीर सरकार के फैसले का विरोध किया गया। जिला औषधि विक्रेता संघ के सचिव केशव दुबे ने बताया कि संघ ने नगर बंद को समर्थन देने का निर्णय लिया है। गुरुवार को दवा दुकानें बंद रखी जाएंगी। इसी तरह बिलासपुर पेट्रोलियम डीलर वेलफेयर एसोसिएशन, बोल बम कांवरिया परिवार ने समर्थन दिया है।

व्यापारी महासंघ ने सुबह से दोपहर 2 बजे तक प्रतिष्ठान बंद रखने का निर्णय लिया है। इधर भाजपा कार्यालय में हुई बैठक में पदाधिकारियों ने फैसले का विरोध करते हुए बंद को समर्थन दिया। बंद को सफल बनाने के लिए गुरुवार की सुबह 9 बजे भाजपा कार्यालय से रैली निकाली जाएगी। इसमें पदाधिकारी, कार्यकर्ता व युवा मोर्चा के सदस्य अलग-अलग दल बनाकर शहर का भ्रमण करेंगे।और व्यापारियों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील करेंगे। इस बीच शांति बनाए रखने की जिम्मेदारी भी पदाधिकारियों को दी गई है।

सुरक्षा के लिए तैनात रहेगा अतिरिक्त बल
नगर बंद के दौरान शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा। एसपी प्रदीप गुप्ता ने सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों व सशस्त्र बल के जवानों को लॉ एंड आर्डर बनाए रखने के लिए निर्देश दिए हैं। गुरुवार को सुबह से लेकर शाम तक चौक-चौराहों पर बल तैनात रहेगा। पुलिस कंट्रोल रूम के कर्मचारियों को भी सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। थानों की पेट्रोलिंग पार्टियों को भी शहर में गश्त बढ़ाने के लिए कहा गया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: