HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

संदल आज उतरेगा, तैयारियां पूरी

अजमेर. ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती के 796वें उर्स के लिए पैदल जायरीन के जत्थे दरगाह शरीफ पहुंचने लगे है। फिलहाल उनके आने की रफ्तार धीमी है। बुधवार को भी रात तक जायरीन के कुछ पैदल जत्थे दरगाह पहुंचे। आस्ताना शरीफ के बाहर अकीदतमंद सिरों पर मखमल की चादर और फूलों की टोकरी लिए अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।

रात को 9 बजे आस्ताना शरीफ खिदमत के लिए बंद कर दिया गया, जिसे खिदमत के बाद मामूल कर दिया गया। इधर दरगाह क्षेत्र और आसपास के क्षेत्र में उर्स को देखते हुए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। दरगाह बाजार, अंदरकोट, खादिम मोहल्ला, लंगरखाना गली, नला बाजार और मोतीकटला के अतिरिक्त देहली गेट व गंज क्षेत्र में दुकानदार उर्स की तैयारियों में जुटे हैं।

संदल आज उतरेगा
हिजरी संवत के जमादिउस्सानी महीने की 28 तारीख को हर साल ख्वाजा गरीब नवाज की मजार से संदल उतारा जाता है। साल में एक बार अदा की जाने वाली यह रस्म गुरुवार रात को खिदमत के वक्त अदा की जाएगी। अंजुमन सैयदजादगान सचिव सैयद महमूद-उल-हसन चिश्ती ने बताया कि यह रस्म खुद्दाम-ए-ख्वाजा अदा करेंगे और मजार शरीफ से संदल जायरीन को तबरुक के तौर पर पेश करेंगे।

हिलाल कमेटी की बैठक
शुक्रवार को चांद रात होने के कारण मगरिब की नमाज के बाद शहर काजी मौलाना तौसीफ अहमद सिद्दीकी की सदारत में हिलाल कमेटी की बैठक होगी। यह कमेटी चांद के दिखाई देने की औपचारिक घोषणा करेगी। चांद नजर आने पर रात से ही दरगाह दीवान सैयद जैनुअल आबेदीन की सदारत में शाही महफिल की शुरूआत होगी।

जन्नती दरवाजा खुलेगा
इधर चांद रात से ही जायरीन के लिए जन्नती दरवाजा जियारत के लिए खोल दिया जाएगा। यह रजब की छह तारीख को दोपहर डेढ़ बजे तक खुला रहेगा। इसके बाद बंद कर दिया जाएगा। अंजुमन कार्यकारिणी सदस्य सैयद मुनव्वर चिश्ती ने बताया कि मान्यता है कि हजरत ख्वाजा गरीब नवाज नमाज अदा करने और अन्य कार्र्यो के लिए जन्नती दरवाजे से ही गुजरते थे। गरीब नवाज ने अल्लाह से दुआ की कि जो लोग इस दरवाजे से गुजरें उन्हें जन्नत नसीब हो।

साल में 4 बार खुलता है
मुनव्वर चिश्ती ने बताया कि जन्नती दरवाजा साल में केवल चार बार ही जियारत के लिए खोला जाता है। ख्वाजा गरीब नवाज के उर्स में 6 दिन, हजरत उस्मान हारूनी के उर्स में एक दिन, ईद और बकरा ईद के दौरान भी एक-एक दिन जन्नती दरवाजा खोला जाता है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: