कोटा.
भाजपा सहित हिंदू संगठनों ने की बंद को कामयाब बनाने की तैयारी, वहीं पुलिस व प्रशासन भी चाक-चौबंद हो गया। प्रशासन ने कार्यपालक मजिस्ट्रेट तैनात किए तो एसपी ने पुलिस अधिकारियों को जोर जबरदस्ती करने वालों से सख्ती से निबटने के निर्देश दिए हैं।
अमरनाथ श्राइन बोर्ड प्रकरण के संबंध में भारत बंद की घोषणा के साथ भाजपा व हिंदूवादी संगठनों ने गुरुवार को कोटा में बंद का आह्वान किया है। भाजपा शहर अध्यक्ष मनमोहन जोशी, युवा मोर्चा देहात अध्यक्ष ललित किशोर शर्मा, बजरंग दल के महानगर संयोजक रमेश राठौर व विश्व हिंदू परिषद के संयोजक मुकेश जोशी ने कहा कि बंद कराने के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है, जो पूरे शहर में घूमकर दुकानें बंद कराएगी।
मेडिकल सुविधा व नगरीय परिवहन सुविधा को बंद से मुक्त रखा गया है। इसके अलावा सभी शिक्षण संस्थाएं, पेट्रोल पंप, व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। बंद की पूर्व संध्या पर बजरंग दल ने एक रैली भी निकाली।
कलेक्टर अभय कुमार ने बंद के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर में 16 कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए उपखंड अधिकारियों तथा तहसीलदारों को निर्देश दिए हैं।
सभी मजिस्ट्रेट पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखेंगे। किसी भी प्रकार की घटना की जानकारी शहर वाले एडीएम सिटी मनोज नाग तथा जिले वाले एडीएम प्रशासन सोहनलाल शर्मा को देंगे।
एसपी विशाल बंसल ने सभी डीएसपी व सीआई को अपने-अपने क्षेत्र में मुस्तैद रहने तथा जबरन दुकानें बंद कराने वालों से सख्ती से निबटने के आदेश दिए हैं। यदि कोई व्यापारी स्वेच्छा से दुकान बंद करता है तो आपत्ति नहीं की जाएगी।
आरएएफ की एक कंपनी को शहर के विभिन्न स्थानों पर तैनात किया जाएगा। एसटीएफ को कंट्रोल रूम में तथा कमांडो टीम को एसपी आफिस में रिजर्व रखा जाएगा। सभी डीएसपी को 30-30 जवानों का अतिरिक्त जाब्ता दिया जाएगा। बंद के दौरान एसपी व एएसपी राजकुमार कंट्रोल रूम में कैम्प करेंगे।
स्कूल बंद रखने की अपील : प्राइवेट स्कूल वेलफेयर सोसायटी के जिलाध्यक्ष संजय शर्मा ने सभी निजी शिक्षण संस्थाओं के संचालकों से बंद का समर्थन करते हुए गुरुवार को स्कूल बंद रखने की अपील की है।
पूरक परीक्षाएं यथावत : आठवीं बोर्ड की पूरक व जिला समान परीक्षाएं कक्षा 3 से 7 व नवीं व 11वीं की परीक्षाएं यथावत रहेगी। जिला शिक्षा अधिकारी मधु सोरल के अनुसार इन परीक्षाओं पर बंद का कोई असर नहीं होगा।
पेट्रोल पंप 4 घंटे बंद : पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के महासचिव तरूमीत सिंह बेदी के अनुसार गुरुवार को सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक शहर के सभी पेट्रोल पंप बंद रहेंगे।
बंद का विरोध : कांग्रेस नेता पंकज मेहता व डा. विजय कुमार सोनी ने भारत बंद को औचित्यहीन बताया है। उन्होंने कहा कि कश्मीर सरकार ने भूमि आवंटन रद्द कर दिया है। फिर भी भारत बंद करना औचित्यहीन है।