HomeNewsRajasthanUdaipur Udaipur

जगमग जय जगदीश

उदयपुर. mandir भगवान जगन्नाथराय के लिए मनोहारी अश्वों वाला रथ बुधवार रात मंदिर से नीचे उतारकर सज्जित किया गया वहीं ऊंचे शिखर और उत्कृष्ट कला-सौंदर्य वाला यह मंदिर विशेष रंगों वाली आर्किटेक्ट लाइटिंग से नहा उठा है। शहर में यह अपनी तरह की पहली और परमानेंट रोशनी सज्जा है।

अभी मंदिर पर तीस ऐसी लाइटें लगाई गई हैं जो 16.7 मिलियन कलर शेड वाली हैं और इनके रंगों में मनचाहा बदलाव किया जा सकता है। आरटीडीसी की ओर से केंद्र प्रवर्तित योजना के अंतर्गत प्राचीन स्थलों पर इस प्रकार की रोशनी करने की योजना में यह कार्य हुआ है। नूतन डेको मार्क प्रालि कंपनी की ओर से यहां लाइटिंग का कार्य किया गया है।

कंपनी के संदीप कांठेड़ ने बताया कि रथयात्रा के बाद विशेष रोशनी का कार्य पूरा किया जाएगा। बहरहाल जो लाइटिंग की गई है, वह एनडीएम मिस्टिक मॉडल वाली है और ‘ऊर्जा बचाओ’ परिकल्पना का हिस्सा है। इस बीच, बताया गया कि सौ साल से अधिक पुरानी इमारतों पर रोशनी की योजना के अंतर्गत उदयपुर के सीएनआई चर्च पर भी रोशनी होगी। बाद में चित्तौड़ दुर्ग की दीवारों को भी रोशनी में नहलाया जाएगा।

जयकारे के साथ उतरा रथ
जगदीश भगवान की यात्रा के लिए काष्ठ रथ बुधवार रात को मंदिर से नीचे उतारा गया। रथ समिति और धर्मोत्सव समिति के कार्यकर्ताओं सहित कई श्रद्धालुओं ने इसके लिए कार सेवा की। बाद में रथ के अंगों को जोड़ने और सजाने के काम में जुट गए। देर रात तक कार्य जारी रहा। इधर,न्यू मिनी स्टार क्लब के कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न मोहल्लों के घर-घर पहुंचकर पीले चावल बांटकर जगन्नाथ रथयात्रा में आने का न्यौता दिया। क्लब के सचिव लक्ष्मीनारायण माली ने बताया कि क्लब के सदस्यों ने रथयात्रा का स्वागत मेवाड़ी वेशभूषा में भड़भुजा घाटी पर करने का निर्णय लिया है।

श्रीनाथजी हवेली मंदिर के पुरुषोत्तम पानेरी ने बताया कि रथयात्रा का शुभारंभ करने के लिए विशाल बाबा 4 जुलाई को आएंगे। इसी दिन दोपहर 2 बजे फतेहपुरा चौराहे उनका भव्य स्वागत होगा। शयन के दर्शन में श्रीजी में कमल मंडली व सावन भादौ का मनोरथ रहेगा। वे बाद में सभा भवन में चरण स्पर्श देंगे।

निंदा : मेवाड़ जन की एक आवश्यक बैठक में जगन्नाथ रथयात्रा में पूर्व सांसद महेन्द्रसिंह मेवाड़ की उपेक्षा किए जाने पर रथयात्रा आयोजन समिति की निंदा की गई। बैठक की अध्यक्षता लालनाथ पांडे ने की। दिनेश पुर्बिया, मोड़ीलाल आसावर, छगनलाल आसावर, नाथूलाल जेठी, नजमा मेवाफरोश, मधुबाला सोनी, सपना वर्मा, राजपूत महासभा के निर्मलसिंह आदि उपस्थित थे। वरदीचंद सोनी, लक्ष्मीनारायण मेनारिया, नगर लोक समिति के अध्यक्ष जमनालाल दशोरा, भेरूलाल भोई, पुष्कर वैष्णव आदि उपस्थित थे।

कल रथयात्रा के दौरान आवागमन बंद रहेगा

शहर में शुक्रवार को निकलने वाली भगवान जगदीश की रथयात्रा के लिए यातायात के विशेष प्रबंध किए गए है। रथयात्रा दौरान श्रृद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए दोपहर बाद रथयात्रा मार्ग पर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।

यातायात डिप्टी हर्ष रत्नू ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर एक बजे से रथयात्रा समाप्ति तक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। इसके अलावा रथयात्रा निकलने वाले दिन कार्यक्रम स्थल एवं रथयात्रा के मार्ग के आसपास समस्त प्रकार वाहनों की पार्किंग वर्जित रहेगी। पुलिस ने व्यापारियों और आमजन से अपील है कि वे अपने वाहन मुख्य बाजार में खड़े नहीं करें।

इन मार्ग पर बंद रहेगी वाहनों की आवाजाही
>> चांदपोल से जगदीश चौक
>> रंगनिवास से जगदीश चौक
>> घंटाघर से जगदीश चौक
>> हाथीपोल से हरवेन जी का खुर्रा हो घंटाघर तक
>> तीज का चौक से कालीबावड़ी, बड़ा बाजार हो घंटाघर तक
>> तीज का चौक, मण्डी चौक, लखारा चौक,मार्शल तिराहा
>> मार्शल तिराहे से आरएमवी रोड से रंग निवास तक





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: