HomeNewsRajasthanUdaipur Udaipur

मेवाड़ पर मेहरबान मानसून

उदयपुर. rain मेवाड़ में कई स्थानों पर बुधवार को भी मानसून मेहरबान रहा। उदयपुर शहर, आसपास क्षेत्र व राजसमंद में तेज बारिश हुई। डबोक में लगभग डेढ़ इंच (34 मिमी) वर्षा रिकार्ड की गई। चित्तौड़गढ़ में बूंदाबांदी हुई।

वागड़ में दिनभर उमस से लोग बेहाल रहे। उदयपुर में दोपहर तक तेज गर्मी और उमस से लोग परेशान थे। शाम को चारों ओर घनघोर घटाएं छाई और तेज हवा चलने लगी। शाम को अलग-अलग स्थानों पर तेज बारिश हुई।

आयड़, सुंदरवास, यूनिवर्सिटी रोड व आसपास क्षेत्रों में आधा घंटा तेज बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। इन क्षेत्रों में करीब आधा इंच बारिश हुई। कुछ ही समय बाद शहर के भीतरी क्षेत्रों में भी मध्यम से तेज बारिश हुई। जिले में मावली, फतहनगर, भींडर, वल्लभनगर, डबोक, दरोली, मंदेसर व आसपास क्षेत्र में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने के समाचार मिले हैं। राजसमंद के खमनोर क्षेत्र में आधा घंटे झमाझम हुई। चित्तौड़गढ़ में दिनभर उमस रही। शाम पांच बजे शहर में बूंदाबांदी हुई। बांसवाड़ा में मौसम धूपछांव का बना रहा। नियंत्रण कक्ष के अनुसार सुबह 8 बजे तक बांसवाड़ा में 1, केसरपुरा में 17, दानपुर में 10, अरथूना में 5, बागीदौरा में 4, शेरगढ़ में 1 सल्लोपाट में 12, सज्जनगढ़ में 21 मिमी बारिश हुई। डूंगरपुर कार्यालय के अनुसार में भी धूप छांव की स्थिति रही। मंगलवार की देर रात को गामड़ी अहाड़ा में आधा घंटा मध्यम बारिश हुई थी। बुधवार को उमस व तेज गर्मी रही।

दो नदी बांध में दो फुट पानी और बढ़ा : संभाग में हो रही बारिश से जलाशयों में पानी की आवक जारी है। उदयपुर के खेरवाड़ा क्षेत्र में स्थित दो नदी बांध में दो फुट पानी की आवक हुई है। दो दिनों में इस बांध में करीब पंद्रह फुट पानी आया और अब मात्र 3 फुट खाली है।

दो नदी बांध की अधिकतम भराव क्षमता 29.60 फुट है और पानी की आवक बनी रहने से जलस्तर 26.60 फुट हो गया है। गोगुंदा क्षेत्र में सुखेर का नाका बांध में गत 24 घंटों में जलस्तर 3.5 फुट से बढ़कर 7.5 हो गया है। चावंड का जलस्तर भी 7 फुट हो चुका है। इसके अलावा अन्य जलाशयों में भी पानी की आवक हुई है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: