Business
Dalal Street Dalal Street मुंबई.अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड आयल की कीमतों में आए उछाल ने दुनिया के शेयर बाजारों में गुरुवार को फिर गिरावट ला दी। बीएसई सेंसेक्स ने बुधवार को जो कुछ हासिल किया था, गुरुवार को बड़ा हिस्सा गवां दिया। यूरोप के केंद्रीय बैंक द्वारा भी ब्याज दरों में बढ़ोतरी की खबर ने भी असर दिखाया।
सेंसेक्स एक समय 730 अंक का गोता लगा चुका था, वह 571 अंक की गिरावट से 13,094 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में 168 अंक की गिरावट दर्ज हुई और यह 3,929 पर बंद हुआ। कारोबारियों का कहना है कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें बाजार की धारणा को बुरी तरह प्रभावित कर रही हैं।
मेटल शेयरों में गिरावट बुधवार को लंदन मेटल एक्सचेंज में कीमतों की गिरावट के कारण देखी गई। साथ ही स्टील की कीमतों को लेकर सरकार और स्टील निर्माताओं की होने वाली बैठक को देखते हुए भी बिकवाली का जोर रहा।
क्या होगा:
बाजार के जानकार बाजार में जारी भारी अस्थिरता के बीच निवेशकों को सावधानी के साथ कारोबार करने की सलाह दे रहे हैं। यूबीएस सिक्यूरिटीज के हैड आफ रिसर्च सुरेश महादेवन का कहना है कि साल के अंत तक बाजार मंदी के चक्र से बाहर निकल आएगा। इस हिसाब से निवेशक इस समय 12-18 माह का लक्ष्य रखकर निवेश कर सकते हैं।