HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

बंद बाजार, खुला हुड़दंग

प्रदेश के विभिन्न अंचलों से.अमरनाथ श्राइन बोर्ड को कश्मीर में दी गई जमीन वापस लेने के विरोध में प्रदेशव्यापी हड़ताल को पूरे राज्य में समर्थन मिला। अजमेर, भीलवाड़ा और डीडवाना की घटनाओं को छोड़कर प्रदेश में मोटे तौर पर शांति रही।

विश्व हिंदू परिषद और भारतीय जनता पार्टी के आह्वान पर प्रदेशव्यापी हड़ताल के दौरान दौसा समेत कई जगह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री गुलामनबी आजाद के पुतले जलाए गए। नागौर के डीडवाना कस्बे में बंद के दौरान हुए विवाद के बाद से तनाव बना हुआ है। समुदाय विशेष इलाके में दुकानें बंद कराने जा रहे बंद समर्थकों पर पुलिस ने जमकर लाठियां बरसाईं।

इसमें चार भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। लाठीचार्ज के बाद भाजपा कार्यकर्ता पहले तो धरने पर बैठ गए और बाद में अनिश्तिचतकालीन डीडवाना बंद की घोषणा कर दी।

भीलवाड़ा में बंद के दौरान एक युवक को चाकू घोंपने, करीब दो दर्जन स्थानों पर तोड़फोड़ के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। लाठीचार्ज के बावजूद हालात बिगड़ते देख पुलिस को दोपहर में धारा 144 लगानी पड़ी।

उधर, आसींद कस्बे में बंद समर्थकों के साथ हुई मारपीट से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। चित्तौड़ में भी बंद के दौरान समर्थकों व विरोधियों में मामूली झड़पें हुईं। आसींद कस्बे में पुलिस ने बंद समर्थक राजू गुर्जर व कंवर लाल के साथ मारपीट करने के आरोप में सोनू मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया है।

अजमेर में बंद के दौरान कई झड़पें हुई। अजमेर में बंद समर्थकों पर लाठियां भांजी गई। बिजयनगर बंद के दौरान बंद समर्थकों ने उत्पात मचाया। प्रदर्शनकारियों ने कई जगह तोड़फोड़ और लूटपाट की। ब्यावर में भी बंद के दौरान बंद समर्थकों और व्यपारियों में झड़प हुई।

बीकानेर में डेयरी व दवाओं की दुकानों के अलावा सभी दुकानें बंद रही। जयपुर रोड स्थित केंद्रीय विद्यालय नंबर एक को बंद करवाने गए युवकों की वहां तैनात सदर थाना एसएचओ ओमप्रकाश किलानिया से झड़प हो गई जिससे मामला गर्मा गया। बाद में यहां पहुंचे भाजपा नेताओं ने एसएचओ को सस्पेंड करने की मांग की। मांग नहीं माने जाने के विरोध में एसपी को ज्ञापन दिया गया। कोटा में बंद समर्थकों व दुकानदारों के बीच झड़पें हुई। महावीर नगर, गुमानपुरा, खेड़ली फाटक पर कई दुकानों को जबरन बंद कराने का प्रयास करने पर दुकानदारों व बंद समर्थकों के बीच तनातनी हुई। छावनी स्थित एक कटले में घुसे बंद समर्थकों और पुलिस के बीच भी झड़प हुई।

बारां में रोड़वेज बसों की हवा निकाल दी गई। कई जगह छोटी-मोटी झड़पें हुई। झालावाड़ और बूंदी- झालावाड़ और बूंदी में छुट-पुट घटनाओं को छोड़कर मोटे तौर पर शांति रहा। उदयपुर में बंद के दौरान कुछ स्थानों पर तोड़फोड़ और लूटपाट की घटनाएं हुई। राजसमंद में बंद शांतिपूर्ण और सफल रहा। केलवा में डेढ़ घंटे तक हाइवे पर जाम लगाया। चित्तौड़गढ़ व बांसवाड़ा में बंद सफल रहा। कई जगह छोटी मोटी झड़प हुई। डूंगरपुर में दोपहर तक बाजार पूरी तरह बंद रहे। प्रतापगढ़ में बंद पूरी तरह सफल रहा। लोगों ने स्वत: ही दुकानें नहीं खोली। टोंक व करौली में भी बंद पूरी तरह सफल रहा। कुछ जगह छिटपुट घटनाएं हुई।

अलवर में बंद के दौरान शहर में अधिकतर शिक्षण संस्थाएं बंद रही। मुख्य बाजारों में व्यापारिक प्रतिष्ठान नहीं खुले। धौलपुर के बाड़ी में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने बंद के दौरान स्थानीय रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को रोक दिया अैार इंजन पर चढ़कर एक घंटे तक प्रदर्शन किया। बाद में रेलवे के अधिकारियों के समझाने पर कार्यकर्ता नीचे उतरे और रेल रवाना की जा सकी। जोधपुर में पेट्रोल पंप व ट्रैवल्स एजेंसी के ऑफिस में तोड़फोड़, पाकिस्तानी युवकों को घेरने सहित अन्य मामूली झड़पें भी हरुई।

बंद के दौरान सोजती गेट पर भाजपा कार्यकर्ताओं में भी झड़पें हरुई। अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठानों के सुबह से ही ताले नहीं खुले। आखलिया चौराहे से लेकर पावटा चौराहा तक की मुख्य सड़कों पर जगह-जगह बेरिकेट्स लगाकर रास्ता अवरुद्ध कर देने से सुबह से ही सिटी बस व टैक्सियां नहीं चल पाई। सड़कों पर दुपहिया वाहनों के अलावा अन्य कोई वाहन नजर नहीं आया।

जोधपुर में पाकिस्तानी युवक को घेरा:

जोधपुर में बंद समर्थक युवकों की टोली रेलवे स्टेशन रोड से आनंद सिनेमा के मार्ग से गुजर रही थी। तभी इन्हें दो पाकिस्तानी युवक जाते दिखाई दिए। कुछ बंद समर्थक उनके पीछे दौड़े तो युवकों की भीड़ भी दौड़ने लगी। उन्होंने पाकिस्तानी नागरिकों को पकड़ कर वीजा व अन्य कागजात के बारे में पूछताछ की। इन युवकों से जय श्रीराम के नारे भी लगवाए। भनक लगते ही एएसपी सवाईसिंह गोदारा जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। बंद समर्थकों से घिरे दोनों युवकों को बाहर निकाला व अपनी गाड़ी में बिठा कर थाने लेकर गए। पूछताछ के दौरान पता चला कि एक युवक भोपाल व दूसरा कराची निवासी था।

जयपुर में सन्नाटा पसरा, झड़पें भी

जयपुर. विहिप के आह्वान पर देशव्यापी हड़ताल का जयपुर में व्यापक असर रहा।

>> चारदीवारी व बाहरी क्षेत्रों में बाजार बंद रहने के साथ रोडवेज की सिटी व प्राइवेट मिनी बसें नहीं चलीं।

>> कुछ जगह दुकान आदि बंद करने को लेकर विहिप व भाजपा कार्यकर्ताओं की दुकानदारों से मामूली कहासुनी हुई, लेकिन बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई।

>> सुबह रोडवेज की सिटी व मिनी बसें चलीं, लेकिन बाद में बंद समर्थकों ने उनको चारदीवारी, हसनपुरा, झोटवाड़ा, गोपालपुरा बाईपास आदि क्षेत्रों में रुकवाकर खाली करवाकर वापस भेज दिया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: