जोधपुर.
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को पोस्टर में देवी के रूप में दर्शाने के बाद अब निकटवर्ती केरू गांव में वसुंधरा देवी के नाम से भव्य मंदिर बनेगा। इस मंदिर में शेर पर सवार वसुंधरा राजे की संगमरमर की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यह मंदिर पूर्व में मुख्यमंत्री को अन्नपूर्णा देवी दर्शाने वाले विवादास्पद पोस्टर जारी करने वाले जोधपुर के पुजारी हेमंत बोहरा बनवा रहे हैं। इस मंदिर की नींव 16 जुलाई को रखी जाएगी।
ज्ञात रहे पोस्टर जारी करने पर बोहरा के खिलाफ पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंतसिंह की पत्नी श्रीमती शीतल कंवर ने इस्तगासे के माध्यम से मुकदमा दर्ज कराया था। बोहरा के मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को अन्नपूर्णा देवी दर्शाने वाले पोस्टर का विमोचन 17 अप्रैल, 07 को विधायक सूर्यकांता व्यास ने किया।
जोधपुर से करीब दस किमी दूर केरू गांव में स्थित अपने भूखंड पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का मंदिर बनाने वाले हैं। इसके लिए बाकायदा मदुराई के आर्किटेक्ट से डिजाइन तैयार करवाई गई है। करीब दो लाख रु. लागत छीतर के पत्थर से मंदिर भवन बनाने का उसी आर्किटेक्ट को ठेका दिया गया है। इसके अलावा जयपुर के मूर्तिकार एसएन शर्मा से वसुंधरा राजे की शेर पर सवार मां कल्याणी के रूप में मार्बल की साढ़े चार फीट की मूर्ति बनवाई जाएगी।
भूमि पूजन के लिए मुख्यमंत्री को न्यौता
पुजारी हेमंत बोहरा ने बताया कि उनकी मुख्यमंत्री के प्रति अटूट श्रद्धा है, इसलिए उनका मंदिर बनाने का फैसला लिया है। 16 जुलाई को भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सहित तमाम भाजपा नेताओं को आमंत्रित किया है। उल्लेखनीय है कि बोहरा वसुंधरा राजे को देवी बताते हुए पोस्टर जारी करने पर उनके खिलाफ हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को भड़काने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन बाद में सीआईडी ने जांच कर उस मामले में एफआर लगा दी थी।