अजमेर.
शिक्षकों की लापरवाही के कारण गेगल के 15 छात्र पूरक परीक्षा देने से वंचित रह गए। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने राजकीय आदर्श उच्च प्राथमिक विद्यालय के ताला जड़ दिया और शिक्षकों को कमरे में बंद कर दिया। इस दौरान कई शिक्षिकाएं रोने लग गईं। बाद में ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार शर्मा की ओर से हैडमास्टर विमला शर्मा को एपीओ करने के बाद मामला शांत हुआ।
गेगल स्कूल में आठवीं बोर्ड परीक्षा में 16 विद्यार्थियों को पूरक परीक्षा के योग्य घोषित किया गया था। आठवीं बोर्ड की गुरुवार को गणित विषय की पूरक परीक्षा थी, लेकिन गेगल स्कूल की संस्था प्रधान विमला शर्मा ने टाइम टेबल में बदलाव के बारे में छात्रों को नहीं बताया। स्कूल का छात्र सद्दाम जब श्रीनगर स्थित परीक्षा केंद्र पर अंग्रेजी की पूरक परीक्षा देने पहुंचा तो उसे गणित का प्रश्न पत्र दिया गया।
सद्दाम गणित में भी सप्लीमेंट्री था इसलिए वह पेपर दे आया, लेकिन इस विषय में पूरक परीक्षा के योग्य 15 छात्र वंचित रह गए। उन्हें सद्दाम के गांव लौटने पर इसकी जानकारी मिली। इसके बाद अभिभावक स्कूल पहुंचे और शिक्षकों से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर भड़क गए लेकिन शिक्षक इसका कोई जवाब नहीं दे पाए।
ग्रामीणों ने दोपहर एक बजे शिक्षकों को स्कूल से बाहर निकाल मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया और शिक्षकों को स्कूल के बाहर बने सतत शिक्षा केंद्र में बंद कर दिया। बाद में उन्होंने श्रीनगर पंचायत समिति के ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी महेंद्र शर्मा के मौके पर पहुंच प्रधानाध्यापिका को एपीओ करने और खराब परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देने पर ताला खोला गया।