News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. आरडीए के टैगोरनगर स्थित स्टोर रूम पर गुरुवार को सुबह एंटी करप्शन ब्यूरो ने धावा बोला। अफसरों ने वहां एक सब इंजीनियर को ठेकेदार से 3500 रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
एसीबी के अफसरों के मुताबिक आरडीए में उपयंत्री अजीत सिंह जब्बल कंस्ट्रक्शन ठेकेदार विनय तिवारी को निर्माण कार्य के 1.24 लाख रुपए के भुगतान के लिए काफी दिनों से घुमा रहे थे। बिल पास कराने के एवज में उन्होंने रिश्वत की मांग की, जिसकी शिकायत ठेकेदार ने एसीबी से कर दी। उनके बीच हुई डील से संबंधित बातचीत का एक टेप भी उन्हें सौंपा था।
शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद ट्रेप कार्रवाई का प्लान तैयार किया गया और आज सुबह डीएसपी मनोज खिलारी के नेतृत्व में टीम ने धावा बोला। पुलिस ने रिश्वत ली गई रकम सब इंजीनियर से जब्त कर ली। इसके अलावा शिकायत से संबंधित कुछ फाइलें और दस्तावेज भी जब्त किए हैं, जिनकी बारीकी से छानबीन कराई जाएगी।
एसीबी की इस कार्रवाई से आरडीए के स्टोर रूम में हड़कंप मच गया। दोपहर बाद तक अफसर वहां मौके की औपचारिकता पूरी करने में लगे रहे। अफसरों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पीसी एक्ट की धारा 7, 13 (1)डी और 13 (2) के तहत मामला बनाया गया है।
बताते हैं, ठेकेदार ने ट्रैगोर नगर में आरडीए के गार्डन में पाथ वे निर्माण का ठेका लिया था। इसका काम पूरा होने के बावजूद उन्हें भुगतान नहीं किया जा रहा था। एसीबी की छापामार टीम में श्री खिलारी के अलावा निरीक्षक सहदेव ठाकुर, जेरोल लकरा, प्रधान आरक्षक शिवबदन मिश्रा और नत्थेसिंह थे।