News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर.
श्राइन बोर्ड विवाद को लेकर हिंदूवादी संगठनों के आव्हान पर छत्तीसगढ़ बंद सफल रहा। बंद समर्थकों हथियारबंद जत्थों की वजह से कुछ जगह मारपीट और तोड़फोड़ हुई। इस वजह से तनाव रहा।
रायपुर में बंद का खासा असर देखा गया। यहां सुबह से बजरंग दल, विश्व हिन्दू परिषद, धर्मरक्षा मंच और भाजपा के युवकों की टोली दुकानें बंद कराने निकल गईं। गली-मोहल्लों में चाय-पान की दुकानों को छोड़कर शेष शहर बंद रहा।
पेट्रोल पंप, सिनेमाघर और मेन रोड की दवा दुकानें तक बंद रहीं। मौदहापारा के सुभाषनगर में बंद समर्थकों से स्थानीय लोगों की बहस हुई। इसके बाद बंद समर्थकों ने एक युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। उसे लहूलुहान हालत में आंबेडकर अस्पताल में दाखिल कराया गया। इस घटना से मौदहापारा और आसपास के इलाकों में खासा तनाव रहा। किसी घटना के अंदेशे से वहां दिनभर फोर्स तैनात रही।
बंजारी धाम से फाफाडीह के बीच बंद समर्थकों ने आटो व बस पर सवार लोगों को उतार दिया। कुछ गाड़ियों के शीशे भी तोड़े गए। सिटी माल में एक रिटेल स्टोर में तोड़फोड़ की खबर है।
बस्तर में मिला-जुला : बस्तर में बंद का मिलाजुला असर रहा। जगदलपुर, किरंदुल, सुकमा, छिंदगढ़, कोंटा, व नारायणपुर में पेट्रोल पंप, सब्जी मंडी व व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। जगदलपुर व दंतेवाड़ा में बसें नहीं चलीं। बंद समर्थक सुबह से सक्रिय थे। कोंडागांव बंद से अछूता रहा। एस्सार व एनएमडीसी में रोज की तरह काम हुआ। धमतरी में कई स्थानों पर दुकानें खुली रहीं। गरियाबंद में भाजपाइयों ने सोनिया गांधी का पुतला जलाया। महासमुंद में बंद का व्यापक असर देखा गया।
चक्काजाम, ट्रेनें रोकीं : भिलाई से राजनांदगांव तक प्रमुख बाजार बंद रहे। यहां बजरंगी जीई रोड पर बैठ गए और आवागमन अस्त-व्यस्त हो गया। बंद समर्थकों ने राजनांदगांव में ट्रेनें भी रोकीं। भिलाई में आजाद हिन्द एक्सप्रेस को रोकने की कोशिश रेल पुलिस ने नाकाम कर दी। पावर हाउस में रायपुर - दुर्ग लोकल को 15 मिनट रोके रखा गया। कुम्हारी में अमरकंटक एक्सप्रेस को पांच मिनट रोका गया। पावर हाउस रेल्वे स्टेशन में तोड़फोड़ से भगदड़ मच गई। धमधा, गुंडरदेही, दल्लीराजहरा में बंद का मिलाजुला असर रहा।