News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. जब शहरवासी घरों में चैन की नींद सो रहे होते हैं, तब निगम का अमला अफसरों की निगरानी में सड़कों व नाले नालियों की सफाई में जुटा होता है।
निगम प्रशासन ने शहर को धूल व कचरा मुक्त करने ट्रायल शुरू कर दिया है। ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए निगम प्रशासन ने रात में सफाई कराने का निर्णय लिया, इसी के तहत रात होते ही सफाई अमले के १५ कर्मचारी मंगला चौक से लेकर, मुंगेली नाका, नेहरू चौक, सिम्स चौक, सदर बाजार गोलबाजार, जूना बिलासपुर व गांधी चौक तक सड़क में न सिर्फ झाडू फेरते हैं, बल्कि कचरे को एकत्र कर ट्रैक्टर ट्राली में भरते हैं, जिसे तय स्थल में फेंका जाता है।
राज्य शासन ने नगरीय निकायों को धूल मुक्ति का वायदा पूरा करने रोड स्वीपर वाहन दिया है। इस वाहन में तीन ब्रश लगे हैं, जो झाडू का काम करते हैं, वहीं झाडू मारकर एकत्र की गई धूल को सक्शन मशीन के जरिए टैंक में भरकर इससे लैंड फिलिंग किया जाता है। इसके अलावा नाले-नालियों की सफाई का काम भी जोरशोर से चल रहा है, पिछले एक पखवाड़े से बस स्टैंड में निगम प्रशासन द्वारा ३ एक्सीवेटर, ४ डंपर व अमला लगाकर देर रात से लेकर सुबह तक नगर निगम आयुक्त एमए हनीफी, महापौर अशोक पिंगले व वाहन शाखा के प्रभारी प्रमिल शर्मा की मौजूदगी में अमले द्वारा सफाई कराई जा रही है।
व्यवसायियों द्वारा पालिथीन व कचरा फेंकने के कारण नाले -नालियां जाम थी,ं जिसके कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही थी, निगम अमले द्वारा एक्सीवेटर से भारी भरकम स्लैब को हटवाकर नाले नालियों से मलबे को निकालकर सफाई कराई जा रही है, इसके बाद स्लैब को फिर से नाले नालियों के ऊपर ढंका जा रहा है।
निगम आयुक्त ने की जांच
नाले नालियों से पालिथीन निकलने से नाराज निगम आयुक्त ने गुरुवार को बस स्टैंड व आसपास के छोटे-बड़े होटलों व ठेलों की जांच की और सभी को हिदायत दी कि वे अपने संस्थान का कचरा, खाद्यन्न सामग्री, पालिथीन व काटरून निर्धारित स्थान पर ही फेंकें। अब नाले नालियों में कचरा फेंकते पाए जाने या शिकायत मिलने पर २-२ हजार का जुर्माना ठोंका जाएगा।
तो ठेका समाप्त करेंगे
निगम प्रशासन ने ट्रायल के लिए जो रूट तय किया है, वहां निगम के कर्मचारी सफाई कर रहे हैं, ऐसे में इन सड़कों पर ठेके के सफाई की जरूरत नहीं है। निगम प्रशासन ने तय रूट एरिया से ठेके की सफाई को खत्म करने का निर्णय लिया है, लेकिन नाले नालियों की सफाई का ठेका जारी रहेगा।
सफाई में और इंप्रूवमेंट की आवश्यकता है। नाले नालियों के जाम होने के कारण हल्की बारिश से शहर के कई इलाकों में पानी भर जाता है। रूट एरिया से सफाई ठेका समाप्त करने की तैयारी की जा रही है, लेकिन नाले नालियों की सफाई का ठेका यथावत रहेगा।
—एमए हनीफी, आयुक्त नगर निगम