HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

7 स्कूलों में सामूहिक नकल!

अजमेर. माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की सेकंडरी परीक्षा के दौरान जोधपुर के 5 और करौली के 2 स्कूलों में सामूहिक नकल की गई थी। बोर्ड प्रशासन ने परीक्षकों द्वारा भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर इन स्कूलों के परिणाम रोक लिए हैं। इससे 1243 विद्यार्थियों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। प्रशासन इन स्कूलों के परिणाम जांच पूरी होने के बाद जारी करेगा।

शिक्षा बोर्ड के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक सेकंडरी परीक्षा के दौरान जोधपुर के चाड़ी चौतीना, फलौदी, चोरड़िया, शेरगढ़, बस्तवा में तथा करौली के कमलपुरा और केमरा के एक-एक स्कूल में सामूहिक नकल हुई थी। प्रशासन ने इन स्कूलों की उत्तर पुस्तिकाएं जांचने वाले परीक्षकों द्वारा भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर परिणाम रोके लिए हैं। इनमें जोधपुर के 833 और करौली के 410 विद्यार्थी शामिल हैं।

बोर्ड प्रशासन ने इससे पहले सेकंडरी परीक्षा का परिणाम घोषित करते समय नकल के मामले प्रमाणित होने के बाद जोधपुर के 58 और करौली के 56 विद्यार्थियों की परीक्षा निरस्त कर दी थी। इसके अलावा 13 विद्यार्थियों को वर्ष 09 की परीक्षा से वंचित भी किया जा चुका है।

बोर्ड के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक इन विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं से साफ जाहिर होता है कि बड़े पैमाने पर सामूहिक नकल हुई। सवालों के अक्षरश: एक जैसे जवाब हैं। बोर्ड परीक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर जांच करवा रहा है। जांच में सामूहिक नकल का मामला पाए जाने पर इन अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत सुनवाई का मौका दिया जाएगा। सुनवाई में कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो परीक्षा निरस्त कर दी जाएगी।

मेरिट लीक की रिपोर्ट अध्यक्ष को भेजी : राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड सचिव मिरजू राम शर्मा ने बारहवीं कला परीक्षा की मेरिट लीक प्रकरण की जांच रिपोर्ट अध्यक्ष भरत राम कुम्हार को भेज दी है। सचिव ने बताया कि बोर्ड अध्यक्ष इन दिनों पारिवारिक कार्य से सीकर में व्यस्त हैं लिहाजा रिपोर्ट गुरुवार को सीकर भेज दी गई है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: