अजमेर.
पति से कलह के बाद दो विवाहिताओं ने मासूम बच्चों को भी गुस्से की आग में झोंक दिया। गेगल के गुढ़ा गांव में पति की तकरार से गुस्साई महिला ने दुधमुंहे बच्चे को लेकर कुएं में छलांग लगा दी। बच्चे की मौत हो गई, जबकि वह बच गई। दूसरी घटना में भीलवाड़ा के कोटड़ी गांव में पति से कहासुनी के बाद महिला ने पांच वर्षीय बेटी सहित खुद पर केरोसीन डाल कर आग लगा ली, जिससे दोनों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार गेगल थाना इलाके के गुढ़ा गांव निवासी बिज्जू सिंह की पत्नी बरजी बुधवार शाम खेत में काम करने के बाद घर लौटी और सास के पास खेल रहे ग्यारह महीने के पुत्र पिंटू उर्फ पहलवान को साथ लेकर बगैर किसी को बताए घर से निकल गई। रात तक नहीं लौटने पर पति और परिवार के लोगों ने संभावित जगहों पर तलाश की। पीहर के लोगों को भी बुला लिया।
गांव में कुएं के पास बरजी की चप्पल पड़ी देख लोगों ने कुएं में झांका तो उन्हें कुएं की दीवार पकड़ कर पानी में डूबने से बचने की कोशिश करती बरजी मिली। बच्च पिंटू डूबने से मर चुका था। लोगों ने रस्सी लटका कर बरजी को बाहर निकाला। इसके बाद बच्चे की लाश भी निकाली गई।
बदहवास बरजी को जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया। उसने बच्चे को लेकर कुएं में छलांग लगाने की बात कबूल ली है। प्रारम्भिक जांच में सामने आया कि बरजी और पति बिज्जू के बीच अकसर तकरार और हाथापाई होती थी। बुधवार को भी खेत पर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। थाना प्रभारी सुगनसिंह ने बताया कि बरजी के खिलाफ पुत्र की हत्या और आत्महत्या की कोशिश के आरोप में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
शक में बच्ची के साथ दी जान : भीलवाड़ा में शाहपुरा के पास कोटिया गांव निवासी अजीज की पत्नी परवीन ने बुधवार रात दो वर्षीय बच्ची यास्मिन सहित खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसने पर मां-बेटी दोनों को शाहपुरा अस्पताल से जेएलएन रेफर किया गया, जहां दोनों ने दम तोड़ दिया।
फूलिया थाना पुलिस के अनुसार टेलरिंग का काम करने वाला अजीज पत्नी की गतिविधियों पर शक करता था। बुधवार शाम को अजीज घर लौटा तो परवीन ने घर जल्दी आने का कारण पूछ लिया। इस पर दोनों के बीच तकरार हुई। परवीन ने बेटी और पति के साथ खाना खाया और बाद में बच्ची के साथ कमरे में जाकर आत्मदाह कर लिया। पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।