इंदौर.
इंदौर में गुरुवार को उपद्रवी पत्थरदिल हो गए। आधा दर्जन से ज्यादा इलाकों की तंग गलियों को तंग दिल लोगों ने पत्थरों-ईटों से पाट दिया। इस दौरान कई के माथे फूटे और कुछ के भाग्य फूट गए। भाजपा और विहिप के बंद के दौरान जमकर हिंसा हुई।
उत्पातियों ने खूब पत्थर सन्नाए और गोलियां चलाईं। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद उपद्रवियों का दुस्साहस जारी रहा। चार लोगों की मौत हो गई और करीब ढाई दर्जन घायल हो गए। हालात से निपटने के लिए चार थाना क्षेत्रों मल्हारगंज, पंढरीनाथ, छत्रीपुरा और खजराना में कफ्यरू लगाया गया।
उपद्रवियों की गिरफ्त में शहर
सुबह 6 बजे : दुकानें बंद कराने की कोशिश
कृष्णपुरा छत्री से दुकानें बंद कराने के लिए कार्यकर्ताओं की वाहन रैली शुरू हुई। हर वार्ड से टोलियां झंडे, बैनर लेकर नारेबाजी करते हुए सड़कों पर उतर आईं।
8 बजे : तोड़फोड़ और पथराव शुरू
जंजीरवाला चौराहा पर कार्यकर्ताओं ने रिलायंस फ्रेश में तोड़फोड़ की। अपोलो स्क्वेयर में कोरियर सहित दो दुकानों में तोड़फोड़। ट्रेजर आइलैंड पर पथराव, बाहर के कांच फोड़े।
8.30 बजे : थाने का घेराव
तोड़फोड़ के आरोप में तुकोगंज पुलिस ने तीन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। इस पर थाने का घेराव।
10 बजे : दोनों पक्ष आमने-सामने
बड़वाली चौकी, गफ्फूर खां की बजरिया पुराने एसपी ऑफिस के पास दुकानें बंद कराने की बात पर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। देर तक पथराव एवं नारेबाजी।
10.15 बजे : और इलाकों में फैला उपद्रव
एमजी रोड थाने के पीछे की जमीन वक्फ बोर्ड को देने संबंधी पिछली सरकार के फैसले के खिलाफ थाने का घेराव। इसी बीच रानीपुरा झंडा चौक, पत्तीबाजार क्षेत्र में पथराव शुरू।
11.15 बजे : एक की मौत, कई जख्मी
कार्यकर्ताओं की रैली जवाहर मार्ग, मुकेरीपुरा की ओर से गुजरी। मोचीपुरा में 50-60 युवकों ने रैली पर पथराव कर दिया। नरसिंह बाजार चौराहा से लेकर मालगंज के बीच का पूरा क्षेत्र हिंसा की चपेट में आ गया। पुलिस बल असहाय नजर आया। कागदीपुरा, छत्रीपुरा क्षेत्र में भी जमकर पथराव। इसमें एक आदमी की मौत व आधा दर्जन से अधिक घायल हो गए।
12 बजे : गोलियां चलीं, तीन की मौत
खजराना में हिंसा भड़की। पथराव के बीच गोलियां भी चलीं। इससे तीन लोगों की मौत हो गई। गाड़ियों में आग। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, लाठियां भांजी एवं गोलियां चलाईं। करीब डेढ़ हजार लोगों ने खजराना थाने पर हमला बोला।
12.50 बजे : चार इलाकों में कफ्यरू
पहले छत्रीपुरा व पंढरीनाथ क्षेत्र में कफ्यरू लगाया गया। बाद में खजराना व मल्हारगंज में भी कफ्र्यू। उपद्रवियों पर इसका असर नहीं हुआ। डेढ़ घंटे बाद तक रह-रह कर पथराव।
2.30 बजे : अन्य इलाकों में हिंसा फैली
लोहारपट्टी, मल्हारगंज व मालगंज क्षेत्र में भी हिंसा भड़की। जिंसी में भी मारपीट। 3.30 बजे हालात काबू में।