लूणकरणसर. राज्य की भाजपा सरकार ने किसान को सड़क पर ला खड़ा किया है। सरकार न तो उन्हें पर्याप्त बिजली दे सकी, न ही कृषि जिंसों के उचित भाव दिलवाए। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति निरंतर गिरती गई।
गुरुवार को तहसील के आईजीएनपी रेस्ट हाउस में आयोजित सम्मान समारोह में चौधरी वीरेन्द्रसिंह ने ये विचार व्यक्त किए। चौधरी ने कहा कि किसानों का भला हमेशा कांग्रेस ने किया है और आने वाले चुनावों में कांग्रेस बहुमत के साथ आएगी। इस अवसर पर चौधरी वीरेन्द्रसिंह व पूर्व मंत्री चंद्रभान का राजूराम भादू व मूलाराम गोदारा ने माला पहनाकर स्वागत किया।
सम्मान समारोह के बाद चौधरी कार्यकर्ताओं व पार्टी पदाधिकारियों से मिले। कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने अपने समर्थकों को टिकट देने की मांग की। इस अवसर पर कुछ ने तो अपने बायोडेटा भी चौधरी को दिए।
चौधरी के साथ जिला प्रमुख रामेश्वर लाल डूडी, विधायक वीरेन्द्र बेनीवाल, देहात अध्यक्ष लक्ष्मण कड़वासरा, प्रधान तुलसीराम मूंड, राजाराम झोरड़, सलीम आदि सहित कई नेता थे। इस अवसर पर नाथ समुदाय के लोगों का कांग्रेस में शामिल होने पर चौधरी वीरेन्द्र ने उनका स्वागत किया।