बीकानेर.
शिक्षा निदेशालय के मुद्दे पर सरकार को कटघरे में खड़ा करने की तैयारी की जा रही है। प्रबुद्धजनों ने इस मसले को अब विधिक प्रक्रिया द्वारा सुलझाने की मुहिम छेड़ने का संकल्प लिया है। इसके लिए शहर के प्रमुख लोगों की एक संघर्ष समिति गठित करने पर सहमति जताई गई।
‘दैनिक भास्कर’ द्वारा गुरुवार को आयोजित ‘टॉक शो’ में शिक्षा निदेशालय के मसले पर शहर के प्रबुद्ध लोगों ने गंभीर विचार-विमर्श कर रायशुमारी व्यक्त की। वक्ताओं ने इस मसले को शहर की अस्मिता से जोड़ते हुए जन आंदोलन छेड़ने तक की बात कही। टॉक शो में इस मसले को न्यायालय में ले जाने पर सहमति जताई गई।
विधिक प्रक्रिया को गंभीरता से लेते हुए रियासतकालीन समझौते के दस्तावेज जुटाने की बात की गई। टॉक शो में उपस्थित विधि विशेषज्ञों का कहना था कि यदि वास्तव में यह लिखित समझौता किया गया था तो बीकानेर से शिक्षा के कार्य अन्यत्र ले जाना न्यायोचित नहीं है। विधिक प्रक्रिया द्वारा सरकार को मजबूर किया जा सकता है कि वह यहां से ले जाए गए सभी कार्य वापस लौटाए।
टॉक शो के दौरान निदेशालय के मुद्दे पर शहर की समस्याओं पर राजनीतिक शून्यता पर चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं का कहना था कि यही राजनीतिक जागरूकता होती तो निदेशालय से काम जयपुर नहीं जा सकते थे। अजमेर का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां से राजस्व मंडल मुख्यालय को अब तक नहीं छेड़ा गया है।
टॉक शो के प्रारंभ में विषय प्रवर्तन करते हुए भास्कर के संस्करण प्रभारी मुध आचार्य ने कहा कि भास्कर सदैव ही जनहित के मुद्दों को उठाकर पाठकों के भरोसे पर खरा उतरा है। शिक्षा निदेशालय के मुद्दे पर भास्कर ने जनचेतना जागृत के का प्रयास किया है। टॉक शो का संचालन सिटी चीफ हरीश बी. शर्मा ने किया तथा विशेष संवाददाता नवीन शर्मा ने आभार जताया।
जनसंघर्ष समिति बनेगी : शिक्षा निदेशालय के मुद्दे पर एक जन संघर्ष समिति का गठन होगा। भास्कर के टॉक शो के दौरान वक्ताओं ने समिति गठित करने पर सहमति जताते हुए कहा कि किसी भी आंदोलन को चलाने के लिए जनता को एकजुट करना जरूरी है। नगर के प्रमुख लोगों को माध्यम से यह समिति शहर के मुद्दों को सरकार के समक्ष रखेगी।
दस्तोवज जुटाने के लिए समिति गठित : निदेशालय के मुद्दे पर विधिक कार्यवाही की जाएगी। इस संबंध में आवश्यक दस्तावेज जुटाने के लिए तीन सदस्यों की एक समिति गठित की गई है। राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष भंवर पुरोहित, राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के महामंत्री महेन्द्र पांडे तथा शिक्षा विभागीय कर्मचारी कल्याण मंच के प्रदेशाध्यक्ष शिव कुमार आचार्य को समिति में शामिल किया गया है। यह समिति रियासतकालीन दस्तावेज एकत्रित कर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोश जोशी को उपलब्ध करवाएगी। दस्तावेज शिक्षा का मुख्यालय बीकानेर में ही रखने के समझौते से संबंधित हैं।
मुख्यमंत्री से मिलेंगे महेश व्यास : सचिवालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष महेश व्यास शिक्षा निदेशालय के मुद्दे पर शीघ्र ही मुख्यमंत्री को ज्ञापन देंगे। ‘भास्कर’ द्वारा उठाए गए मुद्दे का स्वागत करते हुए व्यास ने जयपुर से दूरभाष पर कहा कि इस मसले पर शहरवासियों को एकजुट होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि टॉक शो के माध्यम से शहर में जन चेतना जागृत होगी।