HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

बिलौआ में 100 करोड़ का स्टील प्लांट

ग्वालियर. plant बिलौआ में लगभग सौ करोड़ रुपए लागत से स्टील प्लांट स्थापित किया जाएगा। उद्योग विभाग द्वारा सुझाई गई भूमि भिलाई इस्पात संयंत्र के अधिकारियों को पसंद आ गई है। दोनों पक्षों में बनी सहमति के बाद ग्राम बिलौआ में स्टील प्लांट के लिए प्रस्तावित भूमि के हस्तान्तरण का काम उद्योग विभाग ने प्रारंभ कर दिया है। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय इस्पात मंत्री रामविलास पासवान ने पिछले माह ही यहा घोषणा की थी कि जमीन मिल जाए तो केंद्र सरकार स्टील प्लांट स्थापित कर सकती है।

जानकारी के अनुसार, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र से 27 जून को भूमि हस्तान्तरण का प्रस्ताव उद्योग आयुक्त के पास भेजा गया है। इसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। प्रस्ताव की एक प्रति कलेक्टर आकाश त्रिपाठी को भी उपलब्ध कराई गई है। श्री त्रिपाठी ने इस मामले को क्षेत्र विकास के लिए अतिमहत्वपूर्ण मानते हुए नजूल अधिकारी से तत्काल प्रतिवेदन तैयार करने को कहा है। ग्राम बिलौआ के पटवारी हल्का नंबर-2 के सर्वे क्रमांक 3623 रकवा 20.434 कृषि योग्य भूमि का चयन स्टील प्रोसेसिंग यूनिट के लिए किया गया है। इसमें से 35 एकड़ अर्थात् 70 बीघा भूमि स्टील प्रोसेसिंग प्लांट के लिए होगी जबकि 10 एकड़ अर्थात् 20 बीघा भूमि पर प्रोसेसिंग यूनिट की सहयोगी इकाइयां स्थापित की जाएंगी।

मंत्री के दौरे का असर
जिले में स्टील प्रोसेसिंग इकाई की स्थापना के प्रयास बीते माह एक जनसभा को संबोधित करने डबरा आए केंद्रीय इस्पात मंत्री रामविलास पासवान की घोषणा के बाद प्रारंभ हुई । श्री पासवान ने सभा में घोषणा की थी कि जिले में स्टील प्लांट लगाया जाएगा।

इसके बाद निवर्तमान कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव ने मंत्री समर्थक स्थानीय नेताओं से संपर्क बनाए रखा था। कुछ ही दिनों बाद भिलाई इस्पात संयंत्र के मुख्य परियोजना प्रबंधक एसके प्रधान ग्वालियर आए और जिला उद्योग केंद्र के स्थानीय अधिकारियों तथा डबरा के पूर्व एसडीएम सुरेश शर्मा के साथ स्थल निरीक्षण किया था। श्री प्रधान को उक्त भूमि प्लांट के उपयुक्त लगी।

कोई विवाद नहीं
भिलाई स्टील प्लांट के मुख्य परियोजना प्रबंधक एसके प्रधान को जो भूमि पसंद आई है, वह विवादित नहीं है न ही उस पर किसी का कब्जा है। उद्योग व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के निरीक्षण प्रतिवेदन में इस बात का उल्लेख किया गया है कि प्लांट के लिए प्रस्तावित भूमि पर न तो कुआं है न मंदिर-मस्जिद, न तालाब या पेड़। राजस्व अभिलेख में भूमि की नोइयत काबिल काश्त (कृषि योग्य) है और यह नजूल भूमि है।

भूमि की लोकेशन
स्टील प्रोसेसिंग प्लांट के लिए पसंद की गई भूमि ग्वालियर-झांसी राजमार्ग क्रमांक-75 से मात्र 7 किलोमीटर दूर (बिलौआ) स्थित है। इस भूमि की आंतरी रेलवे स्टेशन से दूरी 12 किलोमीटर है। चूंकि प्रस्तावित भूमि रिक्त है, इसलिए इसको उद्योग विभाग को हस्तान्तरण की अनुशंसा डबरा के तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक व पटवारी संयुक्त रूप से कर चुके हैं।

अगले माह हो सकता है शिलान्यास
मुख्य परियोजना प्रबंधक भिलाई स्टील प्लांट ने 25 जून को महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र को पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि यदि भूमि का आवंटन जल्द होता है तो अगस्त माह में स्टील प्रोसेसिंग प्लांट के लिए बिलौआ में शिलान्यास समारोह आयोजित किया जा सकता है।

>> विशेष वाहक से भूमि आवंटन संबंधी दस्तावेज, तहसीलदार की रिपोर्ट के साथ उद्योग आयुक्त के पास भेजे गए हैं। वहां से प्रस्ताव आते ही भूमि आवंटित कर दी जाएगी और इसके बाद बहुत जल्द शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित होगा। भिलाई स्टील प्लांट के अधिकारी जिला प्रशासन के संपर्क में हैं।
आकाश त्रिपाठी, कलेक्टर

>> मुख्य परियोजना प्रबंधक भिलाई इस्पात प्लांट एसके प्रधान, उद्योग विभाग के महाप्रबंधक व अन्य अधिकारियों को प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण करवा दिया गया है। श्री प्रधान ने रेलवे व विद्युत अधिकारियों से भी बाद में चर्चा की। भूमि प्लांट के लिए उपयुक्त मानी गई है।
सुरेश शर्मा, पूर्व एसडीएम डबरा





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: