HomeNewsRajasthanJodhpur Jodhpur

जोधपुर में बंद का व्यापक असर

जोधपुर.band अमरनाथ श्राइन बोर्ड को आबंटित जमीन रद्द करने के फैसले के विरोध में विहिप के आह्वान पर देशव्यापी बंद का जोधपुर में व्यापक असर रहा। रोडवेज ने दोपहर तक सभी रूट की बसों का संचालन निरस्त कर दिया तो शहर में नगरीय बस सेवा और टेम्पो-टैक्सियां भी आधे दिन तक बंद रहीं। जोधपुर बाइपास पर रास्ता रोकने के कारण एक घंटे तक दोनों तरफ वाहनों की कतारें लगी रहीं।

बंद समर्थक ट्रेन रोकने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे, लेकिन पुलिस के समझाने पर वे मान गए। बंद के कारण शहर के पेट्रोल पंप दोपहर बाद खुल पाए तो सिनेमाघरों में दोपहर के दो शो नहीं चले। सरकारी व निजी स्कूलें व व्यापारिक प्रतिष्ठान नहीं खुले। बंद के कारण शहर के विभिन्न इलाकों में चाय की थड़ियां व फुटपाथ पर लगे फास्ट फूड के ढाबे भी बंद रहे। सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक बंद के दौरान मामूली झड़पें हुई तो बंद समर्थकों ने कुछ दुकानों में तोड़फोड़ भी की।

बंद समर्थकों ने ठेले उलटे : बंद समर्थक युवक पूरे दिने दुपहिया वाहनों पर शहर के विभिन्न इलाकों में चक्कर लगाते रहे। इस दौरान युवकों ने आनंद सिनेमा के निकट एक ठेले वाले से तकरार होने पर ठेले को उल्टा कर सामान फेंक दिया।

सड़क पर क्रिकेट का मजा : बंद के दौरान आम दिनों में भीड़भाड़ रहने वाली नई सड़क सूनी होने से यहां बच्चों व बड़ों ने क्रिकेट खेलने का आनंद लिया। ऐसा ही नजारा घंटाघर, रातानाडा एवं अन्य मुख्य मार्गों पर नजर आया।

सोजती गेट पर रहा जमघट : बंद को सफल बनाने के लिए विहिप, बजरंग दल, भाजपा सहित उनके समर्थक दलों ने आखलिया, झालामंड, पाल रोड, बासनी, जालोरी गेट, सोजती गेट, नई सड़क, पावटा, रातानाडा व रेलवे स्टेशन पर बेरिकेट्स लगा कर आवागमन बंद कर दिया। इस कारण पुलिस को यातायात अन्य मार्ग की तरफ डाइवर्ट करना पड़ा।

सोजती गेट पर ही सबसे ज्यादा बंद समर्थकों का जमघट लगा रहा। यहां विहिप सहित एबीवीपी, बीएमएस से जुड़े श्रमिक व शिक्षक, विद्या भारती, बजरंग दल, शिवसेना के वरिष्ठ नेताओं के निर्देश पर कार्यकर्ता टोलियां बनाकर बंद करवाने के लिए निकले।

विहिप के प्रांत कार्याध्यक्ष प्रो. भवानीलाल माथुर, महानगर कार्याध्यक्ष रामस्वरूप भूतड़ा, उपाध्यक्ष प्रकाश राजपुरोहित व महानगर मंत्री जगदीश पुरोहित, भंवरलाल चौधरी व महेंद्र दवे, सूरसागर विधायक मोहन मेघवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष नारायण पंचारिया, प्रसन्नचंद मेहता, नगर विकास न्यास अध्यक्ष राजेंद्र गहलोत, ब्रrासिंह परिहार के निर्देश पर कार्यकर्ताओं ने लोगों से बंद सफल बनाने की अपील की।

संत समाज ने दी चेतावनी : महामंडलेश्वर शिवस्वरूपानंद गिरि ने बताया कि जम्मू-कश्मीर व केंद्र की यूपीए सरकार ने अमरनाथ श्राइन बोर्ड को आबंटित जमीन वापस लेकर हिंदू समाज पर हमला किया है। संत अमृतराम ने कार्यकर्ताओं को बंद की सफलता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर भाजपा नेता नरपतसिंह राठौड़, गोपाल सुराणा, पूर्व पार्षद भंवर बाहेती, नगर निगम में प्रतिपक्ष नेता राजेंद्र बोहरा, संत अमृताराम, हमेंत घोष, महेंद्र मेघवाल, कमलेश पुरोहित, अशोक व्यास, डॉ. महेंद्रसिंह राठौड़, शिवसिंह, त्रिभुवनसिंह भाटी, शिवकुमार सोनी, शौकत पठान, युसुफ चौधरी व हुसैन छीपा भी उपस्थित थे।

अमरनाथ यात्रियों को सकुशल जाने दें : अमरनाथ भूमि विवाद पर इस्लामी विद्वान व राजस्थान के नाइब मुफ्ती शेर मोहम्मद खान रिजवी ने एक बयान जारी कर कहा है कि श्राइन बोर्ड के मामले में कश्मीर में जो कुछ हो रहा है, इसे साम्प्रदायिक रंग नहीं देना चाहिए। अमरनाथ यात्रियों को सकुशल आने जाने में उनकी मदद की जाए।

हंगामा करते 9 युवक गिरफ्तार : बंद के दौरान विभिन्न जगहों पर हंगामा करने वाले नौ युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं एक इंडिका कार भी जब्त की है। उदयमंदिर थानाधिकारी दिनेशकुमार मीणा ने बताया कि दोपहर में भंवरलाल मेघवाल, नरेश कलाल, विकास कलाल और रवि कलाल इंडिका कार को हाईकोर्ट रोड पर खड़ा कर वाहनों को जबर्दस्ती रोक रहे थे। इनमें से दो जनों ने शराब भी पी रखी थी।

इसी दौरान दर्पण सिनेमा हॉल के पास बंद समर्थकों से उलझे अहमद नूर को गिरफ्तार किया गया। शाम करीब चार बजे बंद खत्म होने के बाद हरीश, किशन, धर्मेश और किशनकुमार कमला नेहरू कॉलेज के पास टैक्सियों को रोक रहे थे। पुलिस ने इन चारों को भी शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: