नैनवां-बूंदी. बेशकीमती जमीन से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को नैनवां में नगर पालिका कार्यालय पर ताला लगा कर पालिका ईओ सुशीलकुमार को चेंबर में बंद कर दिया। पौने चार घंटे बाद अतिक्रमण हटाने का आश्वासन मिलने के बाद ताले खोले और ईओ को बाहर निकाला। प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय के बाहर धरना भी दिया।
तीन दिन में दूसरी बार भाजपा कार्यकर्ताओं ने पालिका कार्यालय पर ताला लगाया है। एसडीएम के आश्वासन के बाद भी बुधवार को पालिका कार्यालय में बैठक नहीं करने तथा अतिक्रमण हटाने के मुद्दे को लेकर भाजपा पदाधिकारी व पार्षद सुबह 10:30 बजे पालिका कार्यालय के बाहर धरना लगाकर बैठ गए।
12 बजे तक भी प्रशासनिक अधिकारी वार्ता करने नहीं पहुंचे तो उन्होंने ईओ सुशीलकुमार को उनके चेंबर में बंदकर बिजली बंद कर दी। स्थिति बिगड़ती देख पालिकाध्यक्ष रूकमणी नागर वहां से खिसक गई और एसडीएम को जानकारी दी। उधर, धरनार्थियों ने दोपहर करीब बारह बजे सभी कर्मचारियों को बाहर निकाल कार्यालय को ताला लगा दिया।
एसडीएम के निर्देश पर सवा एक बजे एसएचओ राधेश्याम पारीक पहुंंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाया। लेकिन उन्होंने कहा कि जब तक एसडीएम नहीं आएंगे, ताला नहीं खुलेगा। एसएचओ ने कलेक्टर को जानकारी देकर एसडीएम को भिजवाने का आग्रह किया।
इस पर दोपहर ढाई बजे एसडीएम पोखरमल, डीएसपी देवेंद्र विश्नोई, देई सीआई महावीरसिंह राजावत, एसएचओ, पालिकाध्यक्ष नागर पहुंचे और धरनार्थियों से वार्ता की। एक घंटे बाद प्रशासन व पालिकाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि एक माह में हुए अतिक्रमण हटाना शुरू कर देंगे। 9 जुलाई को सभी अतिक्रमणों की सूची चस्पा कर दी जाएगी। इसके बाद दोपहर 3:45 बजे भाजपा ने धरना समाप्त कर ईओ चेंबर व पालिका कार्यालय के ताले खोल दिए।
एक माह के अंदर हुए अतिक्रमण हटाने के आदेश पालिका ईओ को दे दिए हैं।’
—रूकमणी नागर, पालिकाध्यक्ष
अतिक्रमण हटाने से पहले प्रशासन से बात की जाएगी। लोकतंत्र में ताला लगाकर बंद करने का तरीका ठीक नहीं है।’
—सुशीलकुमार, ईओ
तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू नहीं हुई तो आगे फिर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।’
—प्रमोद जैन, शहर भाजपा अध्यक्ष