News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़.
पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और उनके बेटे रणइंदर सिंह से पूछताछ के लिए विजिलेंस ब्यूरो ने पटियाला के ही एसएसपी विजिलेंस शिव कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई है।
टीम में पांच एसपी व तीन डीएसपी स्तर के अधिकारी होंगे। पूछताछ 6 जुलाई को पटियाला के सर्किट हाउस में होगी। विजिलेंस ब्यूरो ने कैप्टन अमरिंदर सिंह, उनके बेटे रणइंदर सिंह समेत 9 लोगों पर आय से अधिक संपत्ति बनाने का मामला दर्ज किया है।
पूछताछ की बनेगी वीडियो : इस बार विजिलेंस ब्यूरो ने कैप्टन अमरिंदर व उनके बेटे रणइंदर सिंह से पूछताछ के दौरान वीडियोग्राफी भी की जाएगी। पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह से पूछताछ की जाएगी उसके बाद रणइंदर से पूछताछ होगी। लेकिन दोनों को अलग अलग करके सवाल किए जाएंगे। इनको मोबाइल फोन ले जाने पर पूरी तरह से रोक होगी। जांच अधिकारियों का कहना है कि ऐसे कुछ फैसले मौके पर भी उच्च अधिकारियों से विचार विमर्श करने के बाद लिए जा सकते हैं।
एफआईआर के आधार पर ही होगी पूछताछ : विजिलेंस की जांच टीम ने कैप्टन अमरिंदर सिंह पर आय से अधिक संपत्ति बनाने, मुख्यमंत्री पद का दुरुपयोग करने के साथ साथ सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। इन्हीं आरोपों के आधार पर पूछताछ की जाएगी। विजिलेंस के अनुसार फिलहाल अलग से कोई सवालों की सूची तैयार नहीं की गई है।
सर्किट हाउस में कड़ी सुरक्षा के निर्देश : पटियाला रेंज के आईजी, डीआईजी समेत एसएसपी को पूछताछ के दौरान कड़े सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। ताकि कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ आने वाले समर्थकों के साथ किसी भी प्रकार की झगड़ा न हो सके। 6 जुलाई को सर्किट हाउस को जाने वाले सभी रास्ते सील करने को कहा गया है और उनके समर्थकों को दूर ही रोकने के लिए अभी से रणनीति तैयार की जा रही है।