जालंधर/पटियाला.
बिजली दरों में वृद्धि की घोषणा आज
पिछले हफ्ते से दिन में कई बार लग रहे पावर कट से लोग परेशान हैं। उधर, बिजली बोर्ड जनता की जेब और हलकी करने पर उतारू है। पंजाब राज्य बिजली रैगूलेटरी कमीशन 4 जुलाई को घरेलू दरों में 8 पैसे की मामूली वृद्धि की घोषणा करने जा रहा है। लोगों में इस बात का रोष है कि बोर्ड बिना बताए कट लगा देता है। उधर, मोहाली में वीरवार से 12 घंटे की कटौती शुरू हो गई है।
इसबीच, ब्वायलर ट्यूब लीकेज के चलते बुधवार रोपड़ थर्मल प्लांट का एक यूनिट बंद हो गया और वीरवार को भी दुरुस्त न हो सका। वीरवार को सुबह पांच बजे बिना सूचना एक घंटे का कट लगाया गया। शाम पांच बजे तक चार-पांच बार बिजली गुल हुई। राज्य के कुछ हिस्सों में सुबह साढ़े दस बजे से शाम पांच बजे तक पावर कट चला।