जम्मू. कश्मीर में एलओसी पर स्थित तंगधार के केरन सेक्टर में शुक्रवार को सेना के पांच जवान शहीद हुए, वहीं एक आतंकी भी मारा गया है। इस क्षेत्र में आतंकियों के साथ सोमवार से मुठभेड़ जारी है। अब तक 12 आतंकी मारे गए हैं जबकि एक अधिकारी सहित पांच जवान शहीद हुए हैं। केरन सेक्टर के पथरी बेहक में शुक्रवार को आतंकियों ने अचानक फायरिंग कर दी जिसमें पांच जवान शहीद हो गए। जंगलों में काफी आतंकियों के छिपे होने का आशंका है।
सेना को सूचना मिली थी कि आतंकियों का बड़ा ग्रुप कश्मीर में घुस आया है। सोमवार को आर्मी ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया था। पहली मुठभेड़ में तीन आतंकी मारे गए थे और एक जेसीओ शहीद हुआ था। वीरवार को 8 आतंकी और मारे गए।
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक सीमा पार 2000 पाकिस्तान प्रशिक्षित आतंकी घुसपैठ को तैयार हैं। तीन माह बाद जम्मू कश्मीर के विस. चुनाव में गड़बड़ी फैलाने के लिए ये आतंकी घुसपैठ की निरंतर कोशिश कर रहे हैं। इसी कोशिश के तहत आतंकियों का ये ग्रुप कश्मीर में घुसा है। पिछले दो सालों में यह पहली बार है कि एक ही ऑपरेशन में 12 आतंकी मारे गए हों। बहरहाल मुठभेड़ जारी है।