HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

सात फैक्ट्रियां ध्वस्त

जयपुर. अमानीशाह नाले में चल रही अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई के तहत शुक्रवार को सुशीलपुरा पुलिया से दुर्गापुरा पुलिया के बीच साढ़े सात किलोमीटर के बहाव क्षेत्र को खाली कराया गया। जेडीए के दस्ते ने दोपहर करीब 12 बजे महारानी फार्म के पास से काम शुरू किया। दस्ते ने पांच गारमेंट फैक्ट्रियों के अलावा भरत वाटिका प्लास्टिक फैक्ट्री व लकड़ी की मंगलम आर्ट फैक्ट्री ध्वस्त कर दी।

जेडीए के अतिरिक्त आयुक्त व प्रवर्तन शाखा के प्रभारी हरिशंकर भारद्वाज ने बताया कि गारमेंट फैक्ट्रियों में दो भानू शर्मा व तीन मोनू खत्री की हैं। मंगलम आर्ट का आधा निर्माण तोड़ने के दौरान मौके पर पहुंचे फैक्ट्री मालिक कमल पाटनी ने सामान खाली करने के लिए दस्ते से एक दिन की मोहलत मांगी क्योंकि उसको पहले नोटिस नहीं दिया गया था। पाटनी ने एक दिन में सामान हटाकर खुद अवैध निर्माण तोड़ने की अंडरटेकिंग दे दी। इसके बाद कार्रवाई बंद कर दी गई।

लोगों ने विरोध किया : अग्रवाल फार्म व महारानी फार्म में नाले के बीचोंबीच बाउंड्रीवाल करके बनाई गई फैक्ट्रियों को तोड़ने के दौरान लोग विरोध करने लगे, तो दस्ते ने उनको जमीन की नपाई करके अतिक्रमण बताकर समझा दिया। गारमेंट फैक्ट्री में छपाई के लिए बनाई गई पानी की टंकी काफी मशक्कत के बाद भी नहीं तोड़ी जा सकी तो उसको जड़ से उखाड़ दिया गया। टंकी करीब पांच फुट गहरी थी।

स्टे दिखाने पर दस्ता लौटा : अग्रवाल फार्म में मोटर गैराज के मालिक ने कोर्ट का स्टे दिखाया, तो जेडीए दस्ते को लौटना पड़ा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: