गुड़गांव.किसी के मन में कुछ कर गुजरने की इच्छा हो तो कोई भी उसे सफल होने से रोक ही नहीं सकता। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है सात बच्चों की मां खतीजा ने। गुड़गांव के पास खिल्लूका गांव में रहने वाली खतीजा और इसकी बड़ी बेटी ने एक साथ दसवीं की परीक्षा पास की है। इस घटना से कम से कम उन अभिभावकों को तो जरूर सबक मिलेगा जो लड़कियों की शिक्षा को जरूरी नहीं समझते।
पति का रहा योगदान
गृहिणी होने के साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकता इस महिला ने यह सफलता स्कूल जाकर नहीं बल्कि घर में ही हासिल की, जिसमें इनके पढ़े-लिखे पति का भी काफी योगदान रहा। उनके पति शाहमुद्दीन पेशे से शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। 33 वर्षीय खतीजा और बड़ी बेटी तब्बसुम ने अप्रैल में परीक्षा फार्म भरा था। दोनों ने एक ही विषय चुने और रोचक बात यह है कि दोनों समान अंकों के साथ इस परीक्षा में सफल रही हैं।
हौसले हैं बुलंद
इस सफलता के बाद मां-बेटी के हौंसले बुलंद हैं और वे अब वे पूरी मेहनत से बारहवीं की परीक्षा की तैयारी में जुट गई हैं। पति शाहमुद्दीन का कहना है कि इस घटना के बाद गांव के लोगों का नजरिया जरूर बदलेगा और वे अपने घर की लड़कियों की शिक्षा के प्रति जागरुक होंगे। खतीजा भी अब पढ़ी लिखी होने के कारण अपने बाकी छोटे बच्चों की पढ़ाई की ओर ध्यान देना चाहती हैं।