News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. बोड़सरा बाड़ा प्रकरण में चेतावनी रैली निकालकर सरकार को सावधान करने के बाद अब सर्व समाज शनिवार को छत्तीसगढ़ महाबंद करा रहा है। समाज के लोगों ने दावा किया कि शनिवार को सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान, शासकीय अर्धशासकीय कार्यालय, स्कूल-कालेज, पेट्रोल पंप और टाकीज पूरी तरह बंद रहेंगे। सवारी वाहन के चक्के भी जाम रहेंगे। मेडिकल स्टोर व अस्पतालों को बंद से छूट दी गई है।
सतनामी समाज के लोग बोड़सरा बाड़ा पर कब्जे के अलावा गुरु बालदास की रिहाई की मांग करे हैं। इसी मुद्दे पर बंद का आव्हान किया गया है। महाबंद को सतनामी समाज सहित साहू, कुर्मी, लोधी, यादव, सोनकर, हलबा, देवांगन, डडसेना, गाडा, कोसरिया, निषाद, मरार, मछुआ, बरेठ, धीवर बंसोड़, उत्कल, विश्वकर्मा, मसीही, सिख, मुस्लिम आदि संप्रदाय का समर्थन प्राप्त है। वहीं विभिन्न राजनीतिक पार्टी कांग्रेस, बसपा, शिवसेना, छविपा, हुसैनी सेना, भवानी सेना तथा अन्य छोटे-बड़े संगठनों के पदाधिकारियों ने भी बंद का समर्थन किया है।
सतनामी समाज के वरिष्ठ नेता नरसिंह मंडल ने बताया कि बंद की पूर्व सूचना जिला, तहसील व ब्लाक मुख्यालयों में दे दी गई है। सर्वसमाज के मोतीलाल साहू, छत्तीसगढ़ चैंबर आफ कामर्स के पूर्व अध्यक्ष पूरनलाल अग्रवाल, मन्नूलाल परगनिहा, कमलेश्वर वर्मा, लालजी चंद्रवंशी, डा. मन्नुलाल यदु, प्यारेलाल कोसरिया, जीआर राणा, महेश देवांगन, प्रहलाद गंधर्व, इंदुलाल निषाद, सूरज निर्मलकर, कुबेर सपहा, राजेश एडवर्ड, हरभजन सिंह लाल, मनमोहनसिंह सैलानी, शेख नाजिमुदद्दन, धनेश पाटिला आदि ने बंद के दौरान सर्वजनों ने सहयोग की अपील की है।
नेताओं का समर्थन
प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग चेयरमैन हाजी शेख नाजिमुद्दीन, शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष इंदरचंद धाीड़वाल, प्रभारी महामंत्री मनोज कंदोई, उपाध्यक्ष मदनलाल तालेड़ आदि, शहर युवक कांग्रेस श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष मो. मुख्तार, प्रांत महामंत्री वहीद कंजा, शहर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाक सचिव सैयद शकील रजवी आदि, समाजवादी पार्टी प्रदेश अध्यक्ष बलरामसिंह यादव, लोहिया वाहिनी समावादी पार्टी प्रदेश अध्यक्ष नितेश दुबे आदि, छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग विकास संगठन कार्यकारी अध्यक्ष अरुण जंघेल, शेषनारायण चंद्रवंशी, शंकर निर्मलकर आदि ने बंद का समर्थन किया है।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को सर्वसमाज ने सप्रे शाला मैदान से दोपहर में प्रतीकात्मक रैली निकाली थी। इसमें सभी समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिला व तहसील क्षेत्रों से सभी समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए थे। रैली के आगे-आगे मोटर साइकिल रैली युवाओं की टोलियां नारेबाजी करते पायलेटिंग कर रहे थे, वहीं उसके पीछे विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग क्रमबद्ध चल रहे थे। रैली में बोड़सरा बाड़े की गुंज गुजायमान होती रही। बाड़े को लेकर सरकार के खिलाफ लोगों में काफी रोष देखा गया।
रैली कोतवाली चौक, सदरबाजार, तात्यापारा चौक, शारदा चौक, जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड होते हुए गांधी चौक मैदान पर समाप्त हुई। जहां समाज व विभिन्न राजनीतिक दलों के लोगों ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि सर्वसमाज की मांग के बावजूद सरकार द्वारा मांगों की अनदेखी कर रही है और अभी तक अपनी ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं करना समाज का अपमान है।