News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. जयपाल निषाद हत्याकांड को लेकर कांग्रेस कांकेर के भाजपा सांसद सोहन पोटाई को घेर रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का एक दल आज राज्यपाल से मिला और सीबीआई जांच की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, कार्यकारी अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा, नेता प्रतिपक्ष महेन्द्र कर्मा, पूर्व मंत्री शिव नेताम, राजेश तिवारी समेत करीब दर्जन भर लोग शामिल थे। राज्यपाल ईएसएल नरसिंम्हन से कांग्रेस नेताओं ने शिकायत की कि जयपाल की हत्या को आत्महत्या का रूप दिया जा रहा है।
गुरुर के गांव बासिन निवासी जयपाल का शव 20 जून की रात भाजपा सांसद सोहन पोटाई के प्रतिनिधि प्रेमा नागवंशी के घर मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कहा गया है कि जयपाल की मौत जहर खाने से हुई है।
कांग्रेस को शक है कि जहर देने के बाद ही जयपाल को फांसी पर लटका दिया गया। उसके शरीर में मारपीट के निशान भी पाए गए। पत्नी चंद्रकला ने राज्यपाल को पत्र लिखकर शिकायत की है कि जयपाल 19 जून को 1.20 लाख रुपए लेने की बात कहकर प्रेमा के घर गया था। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जयपाल ठेकेदारी के साथ दलाली भी करता था।
शिक्षा कर्मी भर्ती और सांसद निधि आबंटन की दलाली को लेकर उसका प्रेमा से विवाद भी हुआ था। मृतक के पास उसका लिखा पत्र भी मिला है जिसमें उसने अपनी हत्या की आशंका जताई थी। भाजपा सांसद सोहन पोटाई और उनके पीए का नाम सामने से कांग्रेस को केस की निष्पक्ष जांच न होने की आशंका है।
कांग्रेस ने सीआईडी जांच को औचित्यहीन बताते हुए सीबीआई जांच की मांग की है। आरोप लगाया गया है कि सरकार ने मामले को दबाने के लिए ही जांच का जिम्मा सीआईडी को सौंपा हैं।