बारां.
बारां शहर में शुक्रवार को राष्ट्रीय ध्वज कचरे में दबे मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार दोपहर बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता झालावाड़ रोड स्थित रेलवे फाटक की बाईपास पुलिया से गुजर रहे थे। तभी उन्हें पुलिया के नीचे मलबे में तिरंगे झंडे दबे दिखाई दिए।
कार्यकर्ताओं ने मलबे में से चार झंडे निकाले और हंगामा शुरू कर दिया। झंडों के पास ही नगर पालिका से संबंधित कागजात भी पड़े हुए थे। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि तिरंगों को नगर पालिका कर्मचारियों ने कचरे के साथ फेंका है। बाद में पुलिस ने बजरंग दल कार्यकर्ताओं की सूचना पर मुकदमा दर्ज कर लिया। इस बात की भी जांच की जा रही है कि पालिका कर्मचारियों ने तो तिरंगों को कचरे में नहीं फेंका है। आसपास निर्माणाधीन मकानों के मालिकों से भी पूछताछ की गई है।
प्राथमिक तौर पर यह नहीं कहा जा सकता कि नगरपालिका कर्मचारियों ने मलबे के साथ राष्ट्रीय ध्वज फेंके हैं। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
—रामस्वरूप यादव, चेयरमैन, नगरपालिका, बारां
राष्ट्रीय ध्वज को लापरवाही से फेंकने की जांच कराई जाएगी। यदि इसमें कोई संस्था या व्यक्ति विशेष जिम्मेदार हैं तो फ्लैग कोड के तहत कार्रवाई होगी।
—डॉ. प्रीतम बी यशवंत,कलेक्टर