HomeNewsRajasthanKota Kota

अब चार दिन में अमरनाथ जाकर वापसी

कोटा. बर्फीली गुफाओं के बीच बाबा अमरनाथ के दर्शन करने के लिए इस बार कोटा शहर से अब तक पांच सौ से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे हैं। इनमें से कुछ दर्शनाभ लेकर लौट आए हैं तो कई श्रद्धालु अभी दर्शन की कतार में हैं, वहीं कई ऐसे भी हैं, जो लगे हाथ वैष्णो देवी को भी नमन करने का मौका नहीं गंवाना चाहते, लिहाजा उन्होंने अपनी यात्रा को और लंबा कर लिया है।

बदलते परिवेश में अमरनाथ जाने को लाइफ का अचीवमेंट मानने वालों की कमी नहीं है। अब वो समय भी नहीं रहा कि अमरनाथ जाने और आने में कई दिन बीत जाएं। समय बचाने और मुश्किलभरे सफर से बचकर जल्दी आराध्य देव के दर्शन करने के लिए श्रद्धालु अब हवाई जहाज और हैलीकॉप्टर में सीट बुक कराने लगे हैं। लोगों में इसके प्रति बढ़ती दिलचस्पी का ही परिणाम है कि अमरनाथ गुफा तक जाने के लिए हैलीकॉप्टर की लंबी बुकिंग चल रही है।

स्वामी अवधेश कुमाराचार्य बताते हैं कि श्रीनगर से हैलीकॉप्टर के जरिए बाबा अमरनाथ के दर्शन करने वालों की कमी नहीं है। वैसे भी आजकल इंटरनेट पर सब सुविधा है, लिहाजा यहीं से बुकिंग कराई जा सकती है। यही वजह है कि कोटा से चार दिन में अमरनाथ दर्शन करके वापस आया जा सकता है।

अमरनाथ से दर्शन करके लौटे उद्यमी मोहन मित्तल बताते हैं कि वे दिल्ली से श्रीनगर प्लेन से पहुंचे थे, जिसका पांच हजार रुपए किराया है, श्रीनगर से अमरनाथ प्लेन से पैंतालीस मिनट का रास्ता है, जिसका नौ हजार रुपए किराया निर्धारित है। वहां प्लेन से उतरने के बाद करीब ढाई सौ सीढ़ियां चढ़कर बाबा के दर्शन किए जा सकते हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: