HomeNewsRajasthanKota Kota

मोबाइल पार्टियां रोकेंगी वन अपराध

कोटा. वन विभाग ने अतिक्रमण तथा अवैध खनन को रोकने के लिए अब मोबाइल योजना शुरू की है। शुक्रवार से इस योजना का शुभारंभ हो गया।

वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि वन विभाग की भूमि पर नए अतिक्रमण नहीं हों, इसके लिए विभाग ने यह योजना लागू की है। जल्द ही इसके परिणाम आने लगेंगे।

ऐसे काम करेंगी मोबाइल पार्टियां : इस योजना के तहत तीन मोबाइल टीमें बनाई गई हैं। प्रत्येक टीम में तीन-तीन सदस्य शामिल किए है। एक टीम एक मोटरसाइकिल द्वारा क्षेत्र का दौरा करेगी। टीम में ऐसे लोगों को शामिल किया है जिन्हें अतिक्रमी पहचानते नहीं हैं। दल के सभी सदस्य बिना वर्दी के वन भूमि का दौरा करेंगे।

सूचना पर बोला जाएगा धावा : टीम के सदस्यों द्वारा मोबाइल पर रेंजर राजेन्द्र गुप्ता तथा वनपाल विम्बाधर शर्मा को अतिक्रमण-अवैध खनन की सूचना दी जाएगी। इसके बाद लाडपुरा रेंज कार्यालय पर पहले से तैनात गश्ती दल के सदस्य ट्रकों व अन्य वाहनों में सवार होकर शीघ्र उस स्थान पर पहुंच आरोपियों की धरपकड़ करेंगे।

पहले दिन नहीं मिली सफलता : पहले दिन तीन मोटरसाइकिलों पर तीन दलों ने चार घंटे तक वन भूमि का दौरा किया, लेकिन कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं मिली। विभाग के सूत्रों का मानना है कि अभी लोगों को कार्रवाई का भय है, लिहाजा एक-दो दिन में नतीजे मिलने लगेंगे।

स्वयं के खर्चे से कार्रवाई : विभागीय कर्मचारियों के लिए वन क्षेत्र में गश्त करने के नाम पर केवल एक जीप व एक मोटरसाइकिल है। साथ ही डीजल व पेट्रोल भी नाम मात्र का मिलता है। ऐसे में अधिकारियों-कर्मियों ने स्वयं के खर्चे पर मोबाइल योजना शुरू करने का निर्णय लिया है। अधिकारियों का कहना है कि वन भूमि पर अतिक्रमण नहीं होने देंगे।

मोबाइल योजना शुरू होने के बाद वन विभाग की भूमि पर अतिक्रमण व अवैध खनन पर रोक लगेगी। वर्तमान में स्टाफ जिस तरह से कार्य कर रहा है, वह सराहनीय है। शीघ्र ही जिला व पुलिस प्रशासन का सहयोग लेकर बड़े अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान छेड़ा जाएगा।
- एएस चौहान, मंडल वन अधिकारी

वन विभाग की कार्रवाई जारी : भूमाफियाओं तथा वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण व खनन करने वाले लोगों के विरुद्ध चलाया जा रहा अभियान शुक्रवार को भी जारी रहा। शुक्रवार सुबह से ही वन विभाग के गश्ती दल ने आंवली रोझड़ी तथा डायवर्जन चैनल पर जाकर गश्त की। डायवर्जन चैनल पर दो ट्रैक्टर काफी दूरी पर अवैध खनन कर रहे थे, जो गश्ती दल को देखने के बाद भाग गए। चालक ट्रैक्टर को भी भगा ले गया। आंवली रोझड़ी गांव में गश्ती दल ने लोगों को चेतावनी भी दी।

नहीं चेता वन विभाग : ट्रांसपोर्ट नगर में वन भूमि पर अतिक्रमण कर भूमाफियों द्वारा कॉलोनी बनाने की खबर प्रकाशित होने के बाद भी इस क्षेत्र के वन रक्षक की आंखें नहीं खुली। शुक्रवार को भी पूरे दिन वन विभाग का कोई भी कर्मचारी इन अतिक्रमणों को देखने नहीं पहुंचा।

अनंतपुरा क्षेत्र भी जारी है अवैध खनन : अनंतपुरा क्षेत्र में शुक्रवार को भी अवैध खनन जारी रहा। यहां सुबह विस्फोट की आवाजें भी आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दिनभर में यहां से करीब पचास टैक्टर ट्रॉलियों में वन भूमि से पत्थर भरकर ले जाया गया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: