HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

बस पलटने से एक की मौत, 29 घायल

ग्वालियर. शिवपुरी लिंक रोड पर स्थित अनियंत्रित होकर बस पलट जाने से एक राहगीर की मौत हो गई जबकि 29 यात्री घायल हो गए। घटना शुक्रवार सुबह लगभग नौ बजे की है। बस ग्वालियर से गुना जा रही थी। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, सुबह बस क्रमांक एमपी 07 पी 0 171 बस स्टैंड से गुना के लिए रवाना हुई थी। बस चालक ने शहर से बाहर निकलते ही गति तेज कर दी। सवारियों ने उससे बस की गति धीमी करने के लिए भी कहा लेकिन वह नहीं माना। जैसे ही बस शिवपुरी-लिंक रोड पर ग्वालियर ग्लोरी स्कूल के सामने पहुंची, चालक का नियंत्रण हटा और बस तीन-चार गुलाटें खाकर पलट गई।

बस पलटते ही सवारियों में चीख-पुकार मच गई। बस एक राहगीर के ऊपर ही गिरी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक का नाम विजय शर्मा निवासी नई सड़क बताया गया है जो एक निजी स्कूल में बस चालक था और बस को स्कूल में खड़ी करने के बाद पैदल-पैदल चाय पीने के लिए होटल पर जा रहा था। बस हादसे में घायल हुए लोगों में कुछ तो ऐसे थे जो अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे और हादसे का शिकार हो गए।

हादसे में विकास जैन, इंद्रप्रकाश, कप्तान सिंह, प्रेमकुमार, आनंदी, राजदीप, मुरारी, पार्वती, आकाश, गोपाल, कौशलेन्द्र गुप्ता, सुरेन्द्र, रामऔतार, देवेश कुमार, सुनीता, मनोज, रविन्द्र श्रीवास्तव, राजू अरोरा, सावित्री, नेकराम, विनीत शर्मा, सुधा, अंबिका शर्मा, जमुनाबाई, ठाकुरदास, आकाश, विक्की और विद्याराम शर्मा घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जाती है।

यातायात हुआ अव्यवस्थित
हादसे के बाद एबी रोड पर जाम लग गया। पुलिस को पहले तो घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी और उसके बाद सड़क पर पलटी बस को हटाने में मेहनत करनी पड़ी। इस बीच एबी रोड पर जाम लगा रहा। बस को बीच सड़क से हटाए जाने के बाद ही लगभग दो घंटे बाद यातायात बहाल हो सका।

बारिश और तेज गति बनी हादसे का कारण : हादसे का कारण बस की तेज गति और बारिश के कारण गीली हुई सड़क बनी। तेज गति से चलती बस पानी से भीगी सड़क पर अनियंत्रित होकर पलट गई।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: