HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

पत्नी से पीड़ित हैं आईजी शर्मा

भोपाल/ग्वालियर. पुलिस मुख्यालय में पदस्थ एक आईजी ने अपनी पत्नी से प्रताड़ित होने की शिकायत की है। एसपी ग्वालियर से की गई इस शिकायत में सालों के बहकावे में आकर पत्नी द्वारा ब्लैकमेल किए जाने की बात कही गई है।

राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो (पुलिस मुख्यालय) में पदस्थ आईजी पुरूषोत्तम शर्मा ने ग्वालियर पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर अपना दर्द बयां किया है। अपनी शिकायत में श्री शर्मा ने लिखा है कि ग्वालियर में रहने वालीं उनकी पत्नी कमलेश शर्मा अपने भाइयों के बहकावे में आकर उन्हे प्रताड़ित कर रही हैं।

शिकायत के मुताबिक श्रीमती शर्मा अपने भाई अनिल शर्मा के बहकाने पर पिछले चार सालों से लगातार प्रताड़ित करती चली आ रही है। इसमें अनिल शर्मा के अवैध कामों पर पर्दा डालने के लिए मजबूर करना शामिल है। इसके अलावा श्री शर्मा की पत्नी ने कई मौकों पर ग्वालियर में रहने वाले उनके परिवार को भी बेइज्जत किया ।

पुलिस अधीक्षक से की गई शिकायत में श्री शर्मा ने कहा है कि उनकी प्रतिष्ठा को उनकी कमजोरी मानकर ब्लैकमेल करने की कोशिश की जा रही है। पत्र में श्री शर्मा ने जिक्र किया है कि उनकी पत्नी ने उन्हे महिला आयोग और राष्ट्रपति से शिकायत करने की धमकी दी है। साथ ही एक्सीडेंट की स्थिति में ऐसा सुसाइड नोट तैयार कर के रखने जिसमें मौत की सारी जवाबदारी श्री शर्मा और उनके परिवार पर होने की धमकी दी गई है।

इस सबके पीछे श्री शर्मा ने अपनी पत्नी के भाई अनिल शर्मा और उनकी पत्नी को जिम्मेदार माना है। एसपी को लिखे अपने पत्र में श्री शर्मा ने इस बात का भी जिक्र किया है कि उनकी पत्नी के साथ यदि कोई अनहोनी घटना होती है तो इसके लिए अनिल शर्मा और उनकी पत्नी जिम्मेदार होंगी।

ससुरालीजनों ने भी खतरा जताया
आईजी पुरुषोत्तम शर्मा के ससुरालीजनों ने भी पुलिस से एक शिकायत की है। शिकायत में लिखा गया है कि आईजी पुरुषोत्तम शर्मा और उनके भाई आए दिन धमकाते रहते हैं। इनसे उन्हें जान का खतरा है। पुलिस के पास शिकायत लेकर आईजी के साले पहुंचे थे।

आत्महत्या की धमकी ?
वहीं पुलिस सूत्रों का कहना है कि आईजी श्री शर्मा की पत्नी ने शुक्रवार को आत्महत्या की धमकी फोन पर अपने पति को दी थी। इसके बाद महिला पुलिस को उनके ग्वालियर स्थित निवास पर भेजा गया लेकिन वे वहां नहीं मिली। पुलिस अधिकारियों ने आत्महत्या की धमकी की पुष्टि नहीं की है।

>> आईजी पुरुषोषत्तम शर्मा और उनकी पत्नी की ओर से शिकायतें प्राप्त हुई हैं और इन शिकायतों की जांच की जा रही है।
वीके सूर्यवंशी, एसपी ग्वालियर

>> मै अभी दिल्ली में हूं, भोपाल लौटने पर इस संबंध में बात करूंगा।
पुरुषोत्तम शर्मा, आईजी राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: