Sports
Other Sports Other Sports लंदन
अंतत: छोटी बहन सेरेना विलियम्स की बड़ी बहन वीनस के खिलाफ तीसरी बार फाइनल जीत कर हैट्रिक दर्ज करने की तमन्ना अधूरी रह गई। गत विजेता वीनस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल 7-5,6-4 से जीत ली। वीनस का यह सातवां ग्रैंड स्लैम खिताब है। सेंटर कोर्ट में खिताब जीतने के बाद वीनस ने कहा कि सेरेना को हराकर मैं बहुत खुश हूं। इससे पहले उसने 2002 व 2003 में मुझे हराया था।
मैंने जीत के लिए काफी मेहनत की और सफल रही। उन्होंने कहा कि हमारे परिजन भी मुझे जीतते हुए देखना चाहते थे। सेरेना ने कहा कि बड़ी बहन से हारने का विशेष दुख नहीं है। मुझे खुशी है कि हम दोनों फाइनल में पहुंची। सेरेना ने कहा कि मैं रणनीति नहीं बना सकी और हार गई।
बढ़त कायम नहीं रख सकीं सेरेना
सेरेना का यह दुर्भाग्य है कि वे पहले सेट में 3-1 से आगे होने के बाद भी बढ़त नहीं कायम रख सकीं। पहले सेट के पहले गेम में वीनस विलियम्स की सर्विस पर तीन ब्रेक पॉइंट के बाद भी उन्हें बढ़त लेने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी। अंतत: बैकहैंड रिटर्न से वे 1-0 से आगे हो गईं। दूसरे गेम में बढ़िया सर्विस के सहारे जीतने के बाद तीसरे गेम में वीनस ने अपनी सर्विस की रक्षा की।
उन्होंने बढ़िया वॉली मार कर स्थिति 1-2 की कर दी। चौथे गेम में सेरेना ने बिग सर्विस के सहारे 3-1 की बढ़त ले ली लेकिन वीनस ने उसके बाद बढ़िया ड्रॉप शॉट, बैक हैंड रिटर्न व तेज सर्विसों के सहारे स्थिति 5-5 की स्थिति कर दी। वीनस ने इसके बाद 11 वां व 12 वां गेम भी जीत लिया।
12 वें गेम में 0-30 से पिछड़ने के बाद 15-30, 30-30 की स्थिति के बाद 40-30 की बढ़त ली तथा सेरेना की दूसरी सर्विस भी नेट पर उलझने के बाद 7-5 से पहला सेट जीत लिया। दूसरे सेट में सेरेना ने वॉलीस व बेस लाइन अटैक के सहारे 2-1 की बढ़त ले ली थी लेकिन वीनस ने क्रॉस कोर्ट शॉट्स लगाकर न केवल ड्यूस किया बल्कि गेम भी जीता। 2-2 की स्थिति के बाद एक बार फिर 3-3 व 4-4 की स्थिति हुई लेकिन वीनस ने नवां व दसवां गेम जीत कर दूसरा सेट व मैच जीत लिया।वीनस ने 129 मील प्रतिघंटे की रफ्तार से कई बार सर्विस कर दर्शकों का दिल जीत लिया।