Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood
चौंकिए नहीं, राहुल बोस ने फिल्मों को अलविदा कहने का इरादा नहीं किया है, बल्कि वे तो अपने पसंदीदा खेल रग्बी से रिटायर होने का मन बना चुके हैं।
उन्होंने वक्त की कमी के चलते बतौर इंटरनेशनल रग्बी खिलाड़ी रिटायर होने का निर्णय किया है। राहुल मानते हैं कि रग्बी ने उन्हें जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण सबक सिखाए हैं। वह कहते हैं, ‘सर्वप्रथम तो रग्बी ने मुझे अपना सौ प्रतिशत देना सिखाया है। भले ही आप जीते या हारे, लेकिन सौ फीसदी प्रदर्शन संतुष्टि देकर जाता है।
दूसरा सबक रग्बी ने मुझे सामूहिकता का भान कराके सिखाया है। मैं अब टीम का महत्व जान गया हूं। तीसरा, रग्बी ने जोश के साथ-साथ दिमाग से काम लेना सिखाया है। इसके बावजूद अब मैं रग्बी को अलविदा कहने का मन बना चुका हूं।’
इसकी वजह पूछने पर राहुल कहते हैं, ‘यह मेरे लिए बेहद दु:ख की बात है, लेकिन अगले वर्ष से मैं इंटरनेशनल रग्बी टूर्नामेंट्स में भाग नहीं लूंगा। इसकी सबसे बड़ी वजह तो यही है कि मेरे पास इसके लिए इतना समय नहीं है। फिर रग्बी टीम का सबसे युवा खिलाड़ी 18 वर्ष का है और मैं नहीं चाहता हूं कि कल मैं अपने दोस्तों के बेटों के साथ मैदान पर खेलता नजर आऊं। इसीलिए मैंने संन्यास का मन बनाया है।’ सही है समय रहते चेत जाना चाहिए।