इंदौर.
शांति के लिए बैठक में घोर अशांति
शनिवार रात को पुलिस कंट्रोल रूम में शहर में शांति कायम करने के लिए हुई बैठक में भी अशांति फैल गई। दो बार झगड़े की स्थिति बनी। कांग्रेस विधायक अश्विन जोशी और भाजपा अध्यक्ष सुदर्शन गुप्ता आमने-सामने आ गए। इस दौरान ज्यादातर सदस्यों ने पुलिस पर निशाना साधा और निष्पक्ष जांच पर जोर दिया।
बैठक में बुजुर्ग सदस्य मो. इस्माइल विचार रख रहे थे तभी खुरासान पठान ने आपत्ति ली। विधायक महेंद्र हार्डिया व अश्विन जोशी ने भी उन्हें समझाने का विफल प्रयास किया। यह नजारा देख कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव और एसपी आर.के. चौधरी स्तब्ध रह गए।
विवाद शांत करते हुए पाषर्द सरवर खान ने शांति की अपील की जिसे श्री पठान और दो सदस्यों ने खारिज कर दिया। यह देख एडवोकेट अनिल त्रिवेदी नाराज हुए और बोले किसी को एक-दूसरे की बात सुनने का समय नहीं है। इस बीच शहर काजी डॉ. इशरत अली ने भी हताशा जाहिर करते हुए कहा- हमें अपनी जिम्मेदारी का एहसास नहीं है।
बैठक में भी वही हो रहा है जो बाहर होता है
खादी ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष सत्यनारायण सत्तन ने कहा बैठक में भी वही हो रहा है जो बाहर है। ऐसे में हम कैसे शांति की बात करेंगे। उन्होंने कहा समझदारों को समझाना और भी कठिन होता है।
गोली चलाने का आदेश किसने दिया
पार्षद सरवर खान ने सवाल किया आखिर पुलिस को गोली चलाने का आदेश किसने दिया? इस पर अधिकारियों ने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद भाजपा महामंत्री उमेश शर्मा ने भी गोली चलाने के आदेश पर सवाल किया।
बाहर से आने वालों की जांच हो
सांसद सुमित्रा महाजन ने कहा शहर में बाहर से आने वाले लोगों की भी जांच करना चाहिए। यहां मौजूद लोग तय करें कि वे कफ्यरू के बाद अपने-अपने क्षेत्रों में शांति रख सकेंगे।
सभी ने एकमत से कहा कर्फ्यू में छूट दें
सभी सदस्यों ने एकमत से कहा कर्फ्यू में ज्यादा छूट दी जाना चाहिए और जितनी जल्दी हो कर्फ्यू हटा देना चाहिए। विधायक उषा ठाकुर ने कहा दंगों की जड़ तक जाने की जरुरत है। पूर्व विधायक गोपीकृष्ण नेमा ने कहा पुलिस पर अटैक करना पूरी व्यवस्था पर अटैक है।
पार्षद सुरेश मिंडा ने कहा भारत बंद करवाने वालों पर भी कार्रवाई हो। कुछ लोगों ने मांग की कि जहां शनिवार तीन घंटे की छूट दी गई वहां से रविवार को कर्फ्यू उठा लिया जाएगा और बाकी क्षेत्रों में चार घंटे की छूट दी जाए।