HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

ताकि निवेशक मुग्ध हो जाएं शहर पर

ग्वालियर. जिले में आयोजित हो रही दो दिवसीय इन्वेस्टर्स मीट में शामिल होने विभिन्न देशों के निवेशक बीस जुलाई से आना प्रारंभ हो जाएंगे। होटल प्रबंधक निवेशकों की सुविधाओं का ख्याल रखें तथा उनके साथ अतिथियों जैसा व्यवहार करें। यह बात कलेक्टर आकाश त्रिपाठी ने मीट की तैयारियों को लेकर शनिवार को आयोजित बैठक में कही।

श्री त्रिपाठी ने आमंत्रित होटल कारोबारियों से कहा कि वे अभी से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें तथा निवेशकों को ऐतिहासिक व पुरातात्विक महत्व के स्थानों की जानकारी देने के लिए टूरिस्ट गाइड तैयार रखें। शहर के नागरिक व संस्थाओं से आग्रह किया कि वे नगर को सजाएं, संवारें तथा खुद को बेहतर मेजबान साबित करें ताकि निवेशकों के मन में ग्वालियर को लेकर सकारात्मक छवि बने व वे औद्योगिक निवेश की संभावना को मूर्त रूप दे सकें।

विभिन्न विभागों के अधिकारियों से कलेक्टर ने कहा कि वे निवेशकों के सामने अच्छे प्रजेंटेशन की तैयारी कर लें। वे टीम भावना से काम करें ताकि आयोजन सफल हो सके। इस आयोजन की सफलता को लेकर जल्द बानमोर व मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित इकाइयों की भी एक बैठक आयोजित की जाएगी।

शनिवार की शाम सिटी सेंटर स्थित स्वास्थ्य संस्थान में आयोजित इस बैठक में नगर निगम आयुक्त डा. पवन शर्मा, औद्योगिक केंद्र विकास निगम के प्रबंध निदेशक केके तिवारी, चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष जीडी लड्ढा, जीवाजी विश्व विद्यालय के कुल सचिव डीएस चंदेल, साडा सीईओ कुमार पुरुषोत्तम, मेला प्राधिकरण सचिव अरुण श्रीवास्तव सहित कृषि महाविद्यालय, एमआईटीएस, पर्यटन विकास निगम, जीडीए व अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

यह भी दिए निर्देश
अधिकारी निवेशकों के संयुक्त भोज व नगर भ्रमण की तैयारी करें।
चेम्बर, साडा व नगर निगम निवेशकों को डिनर देंगे।
सड़क किनारे के वृक्षों व भवनों पर लाइटिंग की जाए।
मुख्य चौराहों को साफ कर वहां पर भी लाइटिंग की जाए।
अच्छे होर्डिग शहर में लगाए जाएं व महाराज बाड़ा को सजाया जाए।
होटलों में आवभगत के लिए होटल मैनेजमेंट के छात्रों की सेवाएं ली जाएं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: